नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के तीसरे संस्करण के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इस टूर्नामेंट की सह-मेजबानी बांग्लादेश और नेपाल मिलकर करेंगे, जो 21 जनवरी से 6 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपने खिताब की रक्षा का आगाज 22 जनवरी को कीर्तिपुर में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से करेगा।
भारत का ग्रुप और शेड्यूल
भारत को ग्रुप ‘ए’ में आयरलैंड, वेस्टइंडीज और मेजबान नेपाल के साथ रखा गया है।
-
22 जनवरी: भारत बनाम वेस्टइंडीज (कीर्तिपुर, TU इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम)
-
24 जनवरी: भारत बनाम नेपाल (कीर्तिपुर)
-
26 जनवरी: भारत बनाम आयरलैंड (कीर्तिपुर)
भारत ने 2023 में दक्षिण अफ्रीका में हुए पहले संस्करण का खिताब जीता था और 2025 में मलेशिया में अपना खिताब बरकरार रखा था। निक्की प्रसाद की कप्तानी में भारतीय टीम अब लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
बल्लेबाजी में फिर से खुशी तलाशते हुए भावुक हुईं हरमनप्रीत कौर, आँखों में छलके आँसू
टूर्नामेंट का प्रारूप और मैच
इस टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच चटगाँव, सिलहट और काठमांडू (नेपाल) के चार वेन्यू पर कुल 41 मैच खेले जाएंगे।
-
ग्रुप चरण: 21 जनवरी से 26 जनवरी तक चलेगा।
-
सुपर सिक्स चरण: 27 जनवरी से शुरू होगा।
-
सेमीफाइनल: 4 फरवरी को चटगाँव (बांग्लादेश) में खेले जाएंगे (5 फरवरी रिजर्व डे रहेगा)।
-
फाइनल मुकाबला: 6 फरवरी को चटगाँव में खेला जाएगा, जिसके लिए 7 फरवरी को रिजर्व डे रखा गया है।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी (CEO) संजोय गुप्ता ने कहा कि यह टूर्नामेंट उभरते हुए क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा।








