नई दिल्ली। विजयादशमी (दशहरा) के अगले ही दिन दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में हवा की गुणवत्ता खराब होने के चलते ‘वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग’ (CAQM) ने बुधवार को तत्काल प्रभाव से ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान’ के पहले चरण (GRAP-1) को लागू करने का आदेश दे दिया है। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘खराब’ श्रेणी में पहुँचने के बाद यह फैसला लिया गया है।
CAQM ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण के स्तर को और बिगड़ने से रोकने के लिए पूरे NCR में सभी संबंधित एजेंसियां GRAP के पहले चरण के तहत तय दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करेंगी और इनकी नियमित निगरानी करेंगी।
‘खराब’ श्रेणी में पहुँचा दिल्ली का AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली का AQI 233 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ (Poor) श्रेणी (201 से 300 के बीच) में आता है। हवा में धुंध की पतली परत छाने से दृश्यता पर भी असर पड़ा है।
मानकों के अनुसार:
-
0 से 50: अच्छा (Good)
-
51 से 100: संतोषजनक (Satisfactory)
-
101 से 200: मध्यम (Moderate)
-
201 से 300: खराब (Poor)
-
301 से 400: बहुत खराब (Very Poor)
-
401 से 500: गंभीर (Severe)
तापमान में गिरावट और मौसम का हाल
प्रदूषण के साथ-साथ दिल्ली में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।
अन्य इलाकों में तापमान का हाल:
-
पालम: 17.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.1 डिग्री कम)
-
आयानगर: 17.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.1 डिग्री कम)
-
रिज: 19.1 डिग्री सेल्सियस
-
लोधी रोड: 17.7 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
एजेंसियों को सख्त निगरानी के निर्देश
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और CAQM ने लागू करने वाली सभी एजेंसियों को कचरा जलाने, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन और सड़कों की सफाई पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी ‘सिटिजन चार्टर’ का पालन करने और प्रदूषण कम करने में सहयोग की अपील की गई है।








