22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित गंगानगर स्थापना दिवस के लिये विभिन्न विभागों को सौंपे उतरदायित्व
श्रीगंगानगर। गंगानगर स्थापना दिवस -2026 के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जिले का स्थापना दिवस समारोह 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक समारोहपूर्वक मनाया जायेगा। स्थापना दिवस कार्यक्रमों की शुरूआत 22 अक्टूबर को खेल प्रतियोगिताओं से होगी जबकि समापन 26 अक्टूबर की शाम को सूरतगढ़ में होगा।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि गंगानगर स्थापना दिवस के तहत 22 से 24 अक्टूबर तक खेल प्रतियोगिता दमखम का आयोजन महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में होगा। 24 अक्टूबर को हमारे सपनों का गंगानगर विषय पर भाषण प्रतियोगिता शिक्षा विभाग की ओर से करवाई जाएगी। 25 अक्टूबर को सुबह फिट गंगानगर सोसायटी की ओर से पुलिस लाइन में मैराथन “रन फ़ॉर फिट गंगानगर” और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नगर विकास न्यास की ओर से करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मैराथन का आयोजन पुलिस लाइन में होगा। प्रतिभागियों को सुबह 4ः45 बजे रिपोर्ट करना होगा। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन सुबह 5ः15 बजे, 10 किलोमीटर रन 5ः45 बजे और 5 किलोमीटर रन सुबह 6ः15 बजे शुरू होगी। इसके बाद सुबह 7 बजे फन रन आयोजित होगी, जिसमें प्रवेश निःशुल्क रहेगा। 21 किलोमीटर के लिए 3 घंटे 30 मिनट, 10 किलोमीटर के लिए 1 घंटा 30 मिनट और 5 किलोमीटर के लिए 1 घंटे का कट-ऑफ समय निर्धारित किया गया है।
मैराथन में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। 21 किलोमीटर में प्रथम पुरस्कार 31 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 11 हजार रुपए रहेगा। 10 किलोमीटर में क्रमशः 21 हजार, 11 हजार और 5,100 रुपए तथा 5 किलोमीटर में 11 हजार, 5,100 और 3,100 रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 18 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे महाराजा गंगासिंह स्टेच्यू सर्किल पर माल्यार्पण होगा। सुबह सवा 8 बजे शिवपुर हैड पर पूजा-अर्चना के बाद सवा 9 बजे पौधारोपण कार्यक्रम होगा। 26 अक्टूबर की शाम को सूरतगढ में “एक शाम रेत के धोरों के नाम” कार्यक्रम सायं 4 बजे से रात साढ़े 8 बजे तक होगा। जिला प्रशासन ने आमजन से उक्त कार्यक्रमों में बढ-चढकर शामिल होने का आह्वान किया है।
ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप







