नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का नया गाना ‘रावण तांडव’ बुधवार को रिलीज कर दिया गया है। इस गाने के वीडियो में अभिनेता यश (रावण) को लंका पर कब्जा करने और सत्ता में आने से पहले शिव तांडव करते हुए दिखाया गया है। गाने को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, लेकिन इसी बीच तेलुगु वर्ज़न में अपनी आवाज़ देने वाले प्रसिद्ध संगीतकार देवी श्री प्रसाद (DSP) ने संगीतकार ए.आर. रहमान की जमकर तारीफ की है।
‘रामायण’ का हिस्सा बनकर खुश हैं DSP
म्यूजिक कंपोजर देवी श्री प्रसाद ने ‘रावण तांडव’ (तेलुगु में ‘रावण तांडवम’) का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर री-पोस्ट किया और ‘रामायण’ के लिए गाने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। पोस्ट में उन्होंने ए.आर. रहमान को उनके तमिल उपनाम ‘इसैपुयल’ (Isaipuyal) से संबोधित किया, जिसका अर्थ ‘म्यूजिकल साइक्लोन’ (संगीत का तूफान) होता है।
डीएसपी ने अपने पोस्ट में लिखा, “इसैपुयल ए.आर. रहमान सर के संगीत में इस गाने #RavanaThandav को गाकर बेहद खुश हूं… इस शानदार प्रोजेक्ट #Ramayana का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उम्मीद है आप सभी को यह ट्रैक पसंद आएगा।”
‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान: रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में बना डाला रिकॉर्ड
अलग-अलग भाषाओं में किसने गाया है गाना?
‘रावण तांडव’ के हिंदी संस्करण को विशाल ददलानी ने अपनी आवाज दी है। वहीं, तमिल संस्करण को जीवी प्रकाश कुमार और अनिरुद्ध रविचंदर ने, कन्नड़ में रवि बसरूर ने और मलयालम में यदु कृष्णन के ने इसे गाया है। सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं में इस गाने का नाम ‘रावण तांडवम’ रखा गया है।
गाने को मिल रही है मिली-जुली प्रतिक्रिया
ए.आर. रहमान के संगीत से सजे इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस बंटे हुए नजर आ रहे हैं। जहां एक तरफ डीएसपी ने रहमान की तारीफ की, वहीं कुछ फैंस ने गाने के कंपोजीशन को लेकर अपनी निराशा भी व्यक्त की है।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “प्रिय देवी, @arrahman ने यहां निराश किया है और यह इस फिल्म के हिसाब से ठीक नहीं लगा। यह शिव तांडव है भाई!” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “माफ कीजिए, लेकिन यह एक औसत गाना है। उम्मीदों का स्तर बहुत ऊंचा था और यह उस पर खरा नहीं उतर पाया।”
हालांकि, कई फैंस को डीएसपी की आवाज और रहमान का संगीत बेहद पसंद आया। एक अन्य प्रशंसक ने जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘जय लव कुश’ का जिक्र करते हुए लिखा, “सर, @ThisIsDSP और रावण के संगीत का मेल हमेशा से जबरदस्त रहा है। पहले तारक गारू के लिए… और अब यश गारू के लिए। डीएसपी की आवाज की ताकत ही अलग है, वो भी @arrahman गारू के संगीत में। यह ‘रामायण’ के लिए एकदम सही गायक की पसंद है।”








