जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस के अवसर पर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने राज्य सरकार से नर्सिंग निदेशालय खोलने की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा है।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष खुशीराम मीना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन दिया। संगठन का कहना है कि राजस्थान में नर्सिंग निदेशालय खोलकर नर्सेज को राज्य सरकार एक बड़ा तोहफा दे सकती है।
कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष मनोज दुब्बी ने बताया कि नर्सिंग निदेशालय खोलने से राज्य सरकार पर कोई वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। इससे नर्सेज कैडर की पदोन्नति, फिक्सेशन और अन्य समस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह मांग पिछले 15 वर्षों से चली आ रही है। अगर सरकार नर्सेज दिवस पर इसकी घोषणा करती है तो नर्सेज के लिए यह सबसे बड़ा उपहार साबित होगा।
प्रतिनिधिमंडल में उदयपुर जिला अध्यक्ष प्रवीण चरपोटा, जयपुर जिला अध्यक्ष प्रदीप निम्रोटा, सतवीर सिंह, प्रदेश महासचिव रमेश मीणा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला सचिव लालचंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रवीण चरपोटा ने बताया कि नर्सिंग निदेशालय खुलने से नर्सेज की पदोन्नति और अन्य प्रशासनिक मुद्दों का त्वरित निपटारा संभव हो पाएगा। संगठन लंबे समय से इस मांग को उठा रहा है और उम्मीद जताई है कि सरकार नर्सेज दिवस के शुभ अवसर पर सकारात्मक घोषणा करेगी।
यह मांग नर्सेज कैडर के पुनर्गठन, बेहतर प्रशासनिक सुविधा और पेशेवर विकास से जुड़ी है, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।







