असम के जोरहाट जिले में सेना के एक जवान का चालान काटने के बाद मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) समीम सुल्ताना को अस्थायी रूप से ड्यूटी से हटा दिया गया है। मामला सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान सेना की गाड़ी की जांच से जुड़ा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
सीट बेल्ट नहीं लगाने पर काटा था चालान
यह घटना बुधवार को जोरहाट शहर के व्यस्त AT रोड पर इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने हुई। यहां ‘जीरो-फैटैलिटी’ सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान MVI समीम सुल्ताना ने सेना के एक ड्राइवर का सीट बेल्ट नहीं लगाने पर चालान काट दिया।
ड्राइवर जोरहाट मिलिट्री स्टेशन के 41 सब-एरिया से जुड़ा था और एक अन्य जूनियर जवान के साथ आधिकारिक ड्यूटी पर जा रहा था। जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया के मुताबिक, चालान काटने के बाद MVI ने अधिकारियों को सेना की जिप्सी के सामने खड़ा होने को कहा और उनकी तस्वीरें भी खींचीं।
पूछताछ के दौरान व्यवहार पर उठे सवाल
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सेना के ड्राइवर से पूछताछ के दौरान MVI का व्यवहार कुछ रूखा था। इसी वजह से उन्हें एक-दो दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है।
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि ड्राइवर का चालान वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने के कारण नहीं काटा गया था। चालान केवल सीट बेल्ट नहीं लगाने को लेकर जारी किया गया था। सेना के जवान अपने सैन्य लाइसेंस से सैन्य वाहन चला सकते हैं, लेकिन उस लाइसेंस से नागरिक वाहन चलाने की अनुमति नहीं होती।
जिला प्रशासन ने जताया खेद
घटना के बाद जोरहाट जिला प्रशासन ने बयान जारी कर सेना के जवानों को हुई अनजाने में शर्मिंदगी और असुविधा के लिए खेद जताया। प्रशासन ने कहा कि सशस्त्र बलों का अनादर करना या उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाना उसका उद्देश्य नहीं था।
दरअसल, पड़ोसी गोलाघाट जिले में 13 नवंबर को हुए सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत जोरहाट में जांच अभियान चलाया जा रहा था।
मामले की समीक्षा के लिए जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों के बीच संयुक्त बैठक भी हुई। बैठक में आपसी तालमेल और विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही अधिकारियों को सेना, आपातकालीन सेवाओं और एम्बुलेंस से जुड़े वाहनों की जांच के दौरान सावधानी और संवेदनशीलता बरतने की सलाह दी गई।








