खराब खानपान, मोटापा और बिगड़ी लाइफस्टाइल के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इस बीमारी में लिवर की कोशिकाओं में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने लगता है। शुरुआती दौर में इसके लक्षण आसानी से नजर नहीं आते, लेकिन समय पर ध्यान न देने पर यह लिवर में सूजन और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। हालांकि, नियमित एक्सरसाइज और सही खानपान से लिवर में जमा फैट कम करने में मदद मिल सकती है।
फैटी लिवर में फायदेमंद हैं ये 4 एक्सरसाइज
1. तेज वॉकिंग: रोजाना 30 मिनट तेज कदमों से चलना फैटी लिवर के मरीजों के लिए फायदेमंद है। इससे कैलोरी बर्न होती है और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
2. साइकिलिंग: रोजाना 20 से 30 मिनट साइकिल चलाने से शरीर सक्रिय रहता है। इससे मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और लिवर में जमा फैट कम करने में मदद मिल सकती है।
3. स्विमिंग: तैरना पूरे शरीर की अच्छी एक्सरसाइज है। इससे कैलोरी खर्च होती है और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। जिन लोगों को जोड़ों में परेशानी है, उनके लिए भी यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
4. स्ट्रेंथ ट्रेनिंग: स्क्वाट, हल्के वजन उठाना और रेजिस्टेंस बैंड से एक्सरसाइज करने पर मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इसे सप्ताह में कम से कम दो दिन अपनी क्षमता के अनुसार किया जा सकता है।
रोज कितनी देर करें एक्सरसाइज?
विशेषज्ञों के मुताबिक, फैटी लिवर के मरीजों को सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली एक्सरसाइज करनी चाहिए। यानी सप्ताह में पांच दिन रोजाना करीब 30 मिनट वर्कआउट करना फायदेमंद हो सकता है।
क्या फैटी लिवर पूरी तरह ठीक हो सकता है?
फैटी लिवर के शुरुआती चरण में नियमित एक्सरसाइज, संतुलित खानपान और जरूरत के अनुसार वजन कम करने से लिवर में जमा फैट घट सकता है। इसके लिए मीठे पेय पदार्थ, तली-भुनी चीजें और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाना जरूरी है। खाने में हरी सब्जियां, फल और साबुत अनाज शामिल करें।
हालांकि, अगर फैटी लिवर की समस्या बढ़कर फाइब्रोसिस या सिरोसिस तक पहुंच गई है, तो केवल एक्सरसाइज से इसे ठीक नहीं किया जा सकता। ऐसी स्थिति में डॉक्टर की सलाह और उचित इलाज जरूरी है।
डिस्क्लेमर: एक्सरसाइज शुरू करने से पहले अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डॉक्टर से सलाह जरूर लें।








