Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार, 18 नवंबर को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। वह 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद में छिपा हुआ था।
मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए। कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने खुद वीडियो कॉल के जरिए उससे बातचीत की और हथियार डालने के लिए समझाया। उसे सरेंडर करने पर जान बख्शने का भरोसा भी दिया गया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारियों के अनुसार, मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए पूरी सावधानी बरती गई और अंदर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मस्जिद से बाहर निकलते ही लतीफ भट को गोली मार दी गई।
11 नवंबर को CRPF नाके पर किया था हमला
लतीफ भट कुलगाम में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड था। हमले से एक दिन पहले 10 नवंबर को उसने आतंकी उमर निसार डार के साथ मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम जैसे इलाकों की रेकी की थी। दोनों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए इन क्षेत्रों का जायजा लिया था। उनकी यह गतिविधि स्थानीय CCTV कैमरों में भी कैद हुई थी।
इसके अगले दिन 11 नवंबर को दोनों आतंकियों ने अखरान इलाके में CRPF के नाके पर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे।
2025 में लश्कर-ए-तैयबा में हुआ था शामिल
एसएसपी के मुताबिक, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। वह कथित तौर पर सीमा पार से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर जम्मू-कश्मीर में शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बाधित करने की गतिविधियों में शामिल था। सुरक्षाबलों ने जांच के बाद उसे कुलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता चिन्हित किया था और उसके खिलाफ अभियान शुरू किया था।
लतीफ भट के मारे जाने को कुलगाम हमले के बाद सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।








