नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में अपनी ऐतिहासिक सफलता से बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। बड़े पर्दे पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब दर्शकों को इस फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने का बेसब्री से इंतजार है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर फिल्म के डिजिटल राइट्स को लेकर लगातार यह खबरें तैर रही थीं कि एक प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने इसके ओटीटी अधिकारों के लिए 100 करोड़ रुपये का भारी-भरकम ऑफर दिया है। हालांकि, फिल्म की सह-निर्माता रागिनी सोना ने इन सभी अफवाहों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्थिति साफ की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई बड़े ओटीटी दिग्गजों के साथ बातचीत प्रक्रिया में जरूर है, लेकिन फिलहाल 100 करोड़ रुपये की ऐसी किसी भी डील पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
निर्माताओं ने फिल्म के ओटीटी डेब्यू में हो रही देरी की मुख्य वजह भी उजागर की है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और उनकी पूरी टीम का मानना है कि ‘हनुमान अंश’ का असली जादू और आध्यात्मिक अनुभव केवल बड़े पर्दे पर ही महसूस किया जा सकता है। थिएटर्स में दर्शक जिस प्रकार जूते-चप्पल उतारकर और हाथ जोड़कर बेहद भावुक होकर इस फिल्म का अनुभव ले रहे हैं, वह माहौल घर में ओटीटी पर संभव नहीं है।
इसी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव को देखते हुए मेकर्स चाहते हैं कि फिल्म को सिनेमाघरों में अधिक से अधिक समय तक चलने का मौका मिले और जब तक इसका थिएट्रिकल रन पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक किसी भी जल्दबाजी में ओटीटी पार्टनर या स्ट्रीमिंग डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया जाएगा। माना जा रहा है कि सिनेमाघरों का सफर पूरा होने के बाद ही यह फिल्म इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में किसी बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम की जाएगी।








