पंजाब के जालंधर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोस्त की बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों युवक फॉक्सवैगन कार में सवार थे। उनकी कार पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा जालंधर में पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार में सवार दो युवकों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान विदित ओलक और आरव तलवाड़ के रूप में हुई
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान विदित ओलक और आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। विदित ओलक मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश के बेटे थे, जबकि आरव तलवाड़ पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे। दोनों की मौत की खबर से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे नगर निगम के कर्मचारी
थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को तड़के करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़ा-कचरा डालने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी।
इसी दौरान बीएमसी चौक की तरफ से बीएसएफ चौक की ओर जा रही कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
कार में सवार थे पांच युवक, तीन सुरक्षित
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार में कुल पांच युवक सवार थे। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद अन्य तीन युवक सुरक्षित बच गए। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
बताया गया कि परिजनों ने आगे की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।
इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस रात दोनों युवक दोस्त की बर्थडे पार्टी से खुशियां मनाकर घर लौट रहे थे, वही रात उनके परिवारों के लिए दुखद खबर लेकर आई।








