Explore

Search

October 29, 2026 4:16 pm

चिड़ावा में दर्दनाक सड़क हादसा: थार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत, चालक फरार

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में कोपरिया कुआं के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। एक काली थार गाड़ी ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हादसे में सुलताना का बास निवासी राजेश सैनी (45), महेंद्र सैनी के पुत्र, ओमप्रकाश सैनी (58), इंद्र सिंह सैनी के पुत्र, और रामकुमार के पुत्र अशोक की मौत हो गई। तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुलताना का बास से कोपरिया कुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही काली थार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को निजी वाहन की सहायता से बाइपास स्थित डीएसएम अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेश सैनी और ओमप्रकाश सैनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अशोक को प्राथमिक उपचार देने के बाद जयपुर रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद तीनों के शव चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।

ग्रामीणों ने किया विरोध, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां एकत्रित ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर दिया और पुलिस की समझाइश के बावजूद जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी कि थार चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।

मौके पर चिड़ावा नगरपालिका अध्यक्ष सुमित्रा सैनी, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य पवन मावंडिया और सैनी समाज संस्था के जिलाध्यक्ष राजेश सैनी भी पहुंचे। उन्होंने चिड़ावा थानाप्रभारी लक्ष्मीचंद वर्मा से आरोपी चालक को जल्द पकड़ने की मांग की।

स्थिति को देखते हुए डीएसपी गौरव गुर्जर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।

मृतकों के परिवारों में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वाले राजेश सैनी खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में 14 वर्ष का एक बेटा और 10 वर्ष की एक बेटी है। वहीं, ओमप्रकाश सैनी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।

तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मामले में कार्रवाई की जाएगी। खबर के मुताबिक, गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जानी थी।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर