Explore

Search

April 26, 2026 1:18 am

आदिवासी मीणा महापंचायत की बड़ी अपील — जनगणना में अपनी वास्तविक पहचान “आदिवासी” दर्ज कराएं

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

धौलपुर। आदिवासी मीणा पंच-पटेल महापंचायत ने आगामी जनगणना को लेकर समुदाय के लोगों से अपनी असली सांस्कृतिक और सामुदायिक पहचान दर्ज कराने की जोरदार अपील की है। महापंचायत का कहना है कि हर नागरिक को अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक पहचान स्वतंत्र रूप से बताने का पूरा अधिकार है। किसी भी व्यक्ति को अपनी इच्छा के विरुद्ध कोई अन्य पहचान या धर्म लिखवाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

महापंचायत ने विशेष रूप से आदिवासी मीणा समुदाय के सभी सदस्यों से अनुरोध किया है कि जनगणना फॉर्म में धर्म के कॉलम में “अन्य (Other)” विकल्प चुनकर उसमें स्पष्ट रूप से “आदिवासी” लिखवाएं। साथ ही वर्ग के कॉलम में “अनुसूचित जनजाति (ST)” और समुदाय/जाति के कॉलम में “मीना (Mina)” दर्ज कराएं।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे समुदाय द्वारा एक समान और सही शब्दावली का उपयोग करने से जनगणना में स्पष्ट और सटीक आंकड़े दर्ज होंगे, जिससे भविष्य में किसी प्रकार का भ्रम, विवाद या गलतफहमी नहीं रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गलत पहचान दर्ज हो गई तो समुदाय की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था, अधिकारों और भविष्य की योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

महापंचायत ने जनगणना कर्मियों के व्यवहार पर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। अपील में कहा गया है कि जनगणना कर्मी द्वारा भरी गई जानकारी को अवश्य पढ़कर सुनवाएं या खुद जांच लें। यदि कोई कर्मचारी गलत जानकारी दर्ज करता है, दबाव बनाता है या मनमानी करता है तो तुरंत संबंधित अधिकारियों—जिला कलेक्टर, उप-कलेक्टर या स्थानीय प्रशासन—को सूचित करें।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम लाल मीणा और प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज मीणा ने संयुक्त रूप से कहा,

“यह अभियान हमारी सांस्कृतिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। हम पूरे समुदाय से अपील करते हैं कि वे अपनी असली आदिवासी पहचान को मजबूती से दर्ज कराएं।”

महापंचायत ने गांव-गांव में जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। धौलपुर जिले में पंपलेट वितरण, बैठकें और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे स्थानीय स्तर पर अच्छा समर्थन मिल रहा है।

जिला स्तर पर जारीकर्ता रामेश्वर दयाल ने बताया कि इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और प्रिंट माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अनुरोध किया है कि वे इस महत्वपूर्ण अपील को अपने परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों तक अवश्य साझा करें, ताकि कोई भी व्यक्ति दबाव में आकर या भूलवश गलत जानकारी दर्ज न करा दे।

महापंचायत का संदेश:

“अपनी पहचान खुद लिखवाएं — आदिवासी मीणा की असली पहचान जनगणना में दर्ज हो, यही हमारा अधिकार है।”

Sanjeevni Today
Author: Sanjeevni Today

Reporter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर