Explore

Search

November 2, 2026 10:23 pm

लेटेस्ट न्यूज़

दिवाली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, एक महीने में चांदी करीब 40 हजार रुपये तक सस्ती हुई

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन और दिवाली से ठीक पहले सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के दामों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 2,530 रुपये की गिरावट के साथ 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जबकि एक किलो चांदी 1,372 रुपये घटकर 1.80 लाख रुपये पर बिक रही है। इससे पहले शुक्रवार को सोना 1.40 लाख रुपये और चांदी 1.81 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी।

अक्टूबर महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो पूरे महीने में सोने के भाव में 8,084 रुपये और चांदी के भाव में 39,485 रुपये की भारी गिरावट आई है। एक अक्टूबर 2026 को चांदी 2.20 लाख रुपये प्रति किलो और 10 ग्राम सोना 1.48 लाख रुपये पर था। कमोडिटी विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड में मजबूती आने तथा ऊंचे दामों पर बड़े निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के लिए बिकवाली करने से कीमती धातुओं की कीमतों में यह नरमी आई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सोने और चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट के पीछे कई प्रमुख कारण हैं। सोने के मामले में ऊंचे भाव पर निवेशकों की बिकवाली, मजबूत डॉलर और आम खरीदारों द्वारा फिलहाल खरीदारी से हाथ खींचना मुख्य वजहें हैं। वहीं चांदी में आई गिरावट के पीछे सोलर और इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्टरियों से मांग का कम होना, वायदा बाजार में अचानक बिकवाली का दबाव और सोने की चाल का असर शामिल है। कमोडिटी जानकारों की सलाह है कि निवेशकों को एकमुश्त खरीदारी करने के बजाय किश्तों में और लंबी अवधि (6 महीने से 1 साल) के नजरिए से निवेश करना चाहिए।

विभिन्न शहरों में सोने-चांदी के दामों में अंतर का मुख्य कारण ट्रांसपोर्टेशन और सुरक्षा खर्च, स्थानीय खरीदारी की मात्रा, क्षेत्रीय ज्वेलरी एसोसिएशन के नियम और ज्वेलर का पुराना स्टॉक व खरीद मूल्य होता है। इस वर्ष की शुरुआत यानी 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपये थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपये के अपने ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गई थी, जिसके बाद से अब तक चांदी में दो लाख रुपये से अधिक की गिरावट आ चुकी है। वहीं इसी अवधि में सोना भी जनवरी के अपने उच्चतम स्तर 1.76 लाख रुपये से करीब 38 हजार रुपये तक सस्ता हो चुका है।

खरीदारों के लिए बाजार विशेषज्ञों ने कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं। सोना खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही चुनें, जिस पर अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्क नंबर दर्ज होता है। साथ ही, विभिन्न 24, 22 और 18 कैरेट के हिसाब से सही वजन और उस दिन के अधिकृत बाजार भाव को क्रॉस चेक जरूर कर लें। इसके अलावा, असली चांदी की पहचान के लिए मैग्नेट टेस्ट, बर्फ का टेस्ट, महक की जांच और सफेद कपड़े से रगड़ने जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर