फिल्ममेकर नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म की स्टारकास्ट से लेकर किरदारों तक, हर छोटी-बड़ी जानकारी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच फिल्म में विश्वामित्र का किरदार निभाने वाले अभिनेता अजिंक्य देव ने ‘रामायण’ को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि इतनी विशाल और महत्वपूर्ण कहानी को सिर्फ दो हिस्सों में समेटने के बजाय पांच पार्ट में बनाया जाना चाहिए।
दूसरे पार्ट में दिखेगा सनी देओल का दमदार अंदाज
अजिंक्य देव ने फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दूसरे भाग का काफी हिस्सा शूट किया जा चुका है और यह पहले पार्ट से भी बड़े स्तर पर बनाया जा रहा है। अभिनेता के मुताबिक, दूसरे पार्ट का सबसे बड़ा आकर्षण हनुमान जी का किरदार होगा, जिसे सनी देओल निभा रहे हैं।
अजिंक्य ने सनी देओल के किरदार की तारीफ करते हुए कहा कि अगले पार्ट में हनुमान जी की भूमिका बेहद खास होने वाली है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दूसरे पार्ट में दर्शकों को पहले से ज्यादा भव्य और शानदार सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा।
तीसरे पार्ट को लेकर क्या बोले अजिंक्य देव?
‘रामायण’ के तीसरे पार्ट को लेकर चल रही चर्चाओं पर अजिंक्य देव ने साफ किया कि उन्हें अभी तक मेकर्स की तरफ से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है। इसलिए वह इस बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने पांच पार्ट तक इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने की इच्छा जरूर जताई।
2028 में रिलीज होगा दूसरा पार्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान जी की भूमिका में हैं। फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। अजिंक्य देव के बयान के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म के अगले भाग पर टिकी हैं।








