परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए INDIA गठबंधन के बड़े नेताओं ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचेंगे। इस बैठक में परिसीमन बिल को लेकर चर्चा होगी और डीएमके को अपने समर्थन पर पुनर्विचार करने के लिए मनाने की कोशिश की जाएगी।
कांग्रेस और विपक्षी दलों की कोशिश है कि संसद के विशेष सत्र से पहले सभी सहयोगी दलों को एक मंच पर लाया जाए। दरअसल, डीएमके ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को कुछ शर्तों के साथ समर्थन देने का फैसला किया है। इसके बाद विपक्षी गठबंधन में मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि स्टालिन अपने फैसले पर पुनर्विचार करें और विधेयक का विरोध करने में विपक्ष का साथ दें।
राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया के जरिए स्टालिन से मुलाकात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर स्टालिन और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करेंगे। राहुल गांधी का कहना है कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव से देश के चुनावी नक्शे में बड़े बदलाव हो सकते हैं। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया के संभावित प्रभावों और राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए हैं।
चेन्नई में स्टालिन से मुलाकात के बाद विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मुंबई जाएगा। यहां रात करीब 8:30 बजे एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात प्रस्तावित है। उनकी पार्टी ने भी परिसीमन प्रस्तावों को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता उनसे भी अपने रुख पर पुनर्विचार करने की अपील कर सकते हैं।
दरअसल, केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। प्रस्ताव में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का प्रावधान शामिल है। विपक्षी दल महिला आरक्षण के समर्थन में हैं, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने और सीटों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
अब सभी की नजरें चेन्नई और मुंबई में होने वाली इन बैठकों पर टिकी हैं। इन मुलाकातों से यह तय होगा कि डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) अपने मौजूदा रुख पर कायम रहते हैं या विपक्षी गठबंधन की अपील के बाद कोई बदलाव करते हैं। संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्ष की यह कवायद राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।





