सोशल मीडिया पर इन दिनों ₹500 और ₹200 के नोटों को लेकर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि 1 जनवरी 2027 से ये दोनों नोट चलन से बाहर हो जाएंगे। इस खबर के सामने आने के बाद लोगों के बीच नोटबंदी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस दावे की पड़ताल में इसे फर्जी पाया गया है।
क्या RBI ने नोट बंद करने का फैसला लिया है?
वायरल मैसेज में दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) नए साल से ₹500 और ₹200 के नोटों को बंद करने जा रहा है। लेकिन RBI की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। ₹500 और ₹200 के नोटों को बंद करने की खबरों का कोई आधिकारिक आधार नहीं है।
₹2000 के नोटों से क्यों हो रही तुलना?
मई 2023 में RBI ने ₹2000 के नोटों को चलन से वापस लेने का फैसला किया था। इसी फैसले के बाद समय-समय पर अन्य नोटों को बंद किए जाने की अफवाहें सामने आती रही हैं। हालांकि, ₹2000 के नोटों को वापस लेने का फैसला अलग था और इसका ₹500 व ₹200 के नोटों से कोई संबंध नहीं है।
लोगों को क्या ध्यान रखना चाहिए?
₹500 और ₹200 के नोट बंद होने की खबर फिलहाल अफवाह है। लोगों को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे संदेशों पर भरोसा करने से बचना चाहिए और बैंक या नोटों से संबंधित किसी भी जानकारी को RBI की आधिकारिक वेबसाइट से जांचना चाहिए। बिना आधिकारिक सूचना के घबराने या अपने नोट बदलने की जरूरत नहीं है।





