जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और उद्योगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए रबी सीजन के दौरान किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में खैरथल-तिजारा जिले में भी किसानों को दिन में बिजली देना शुरू कर दिया गया है। इससे अब प्रदेश के 28 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है। इस व्यवस्था से 13.56 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हो रहे हैं। दिन में बिजली मिलने से किसानों को रात में खेतों पर सिंचाई के लिए जाने की मजबूरी कम होगी और खेती का काम आसान हो जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) की स्थापना और लागू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच पीएम-कुसुम योजना के घटक-ए के तहत 1,779 मेगावाट से अधिक और घटक-सी के तहत 3,758 मेगावाट से अधिक क्षमता स्थापित की गई है। इन दोनों में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है। इससे 3.89 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।
शर्मा ने कहा कि पिछले 34 महीनों में राजस्थान में 29 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित की गई है, जबकि पिछली सरकार के समान अवधि में यह केवल 5.9 गीगावाट थी। सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के मामले में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है।








