सीवान। बिहार के सीवान जिले में एक दुर्गा पूजा पंडाल में रामलीला के मंचन के दौरान आग लगने से पांच बच्चों सहित कम से कम 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार शाम को बड़हरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रसूलपुर गांव में हुई।
सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने पीटीआई को बताया, “इस घटना में पांच बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। उन सभी को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे पांच बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।”
एसपी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही सदर-I के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) और बड़हरिया थाना प्रभारी (एसएचओ) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि अधिकारी घायलों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है, जबकि साक्ष्य जुटाने के लिए एक फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है।
सोनी ने कहा, “आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस अधिकारी आयोजकों के बयान भी दर्ज कर रहे हैं।”








