दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या हर साल गंभीर होती जा रही है। सर्दियों का मौसम आते ही शहर की हवा जहरीली होने लगती है। आसमान में स्मॉग की मोटी चादर छा जाती है, लोगों की आंखों में जलन होती है और सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि चीन की राजधानी बीजिंग की हालत भी कभी दिल्ली जैसी ही थी? वहां भी प्रदूषण इतना खतरनाक था कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता था। हालांकि, चीन ने अपनी नीतियों और सख्त कदमों से इस समस्या पर काफी हद तक काबू पा लिया।
कभी बीजिंग की हवा भी थी ‘जहर’, सांस लेना बन गया था मुश्किल
बीजिंग में तेजी से बढ़ते औद्योगीकरण, फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं, कोयले के इस्तेमाल और गाड़ियों की बढ़ती संख्या ने हवा को बेहद खराब कर दिया था। प्रदूषण के कारण शहर में हर तरफ धुंध दिखाई देती थी। हवा में मौजूद PM2.5 के छोटे-छोटे कण लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन गए थे। साल 2013 में बीजिंग में औसत PM2.5 स्तर 101.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था।
फैक्ट्रियों पर ताला, कोयले पर वार… चीन ने ऐसे छेड़ी प्रदूषण के खिलाफ जंग
चीन ने साल 2013 से वायु प्रदूषण के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया। सरकार ने प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर सख्ती की और कई पुराने औद्योगिक संयंत्रों को बंद कर दिया। कोयले के इस्तेमाल को कम करके स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया गया। इसके अलावा वाहनों से निकलने वाले धुएं पर नियंत्रण लगाने के लिए कड़े नियम लागू किए गए और इलेक्ट्रिक गाड़ियों तथा सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित किया गया।
गाड़ियों के धुएं से लेकर निर्माण की धूल तक… हर मोर्चे पर चीन ने कसी लगाम
बीजिंग में निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण की बड़ी वजह थी। चीन ने निर्माण कार्यों में धूल नियंत्रण के नियम सख्त किए। साथ ही बीजिंग के आसपास के औद्योगिक इलाकों में भी प्रदूषण कम करने के लिए कदम उठाए गए, ताकि दूसरे क्षेत्रों से आने वाला जहरीला धुआं राजधानी की हवा को खराब न करे।
70% तक घटा प्रदूषण! आंकड़ों ने खोली चीन की कामयाबी की कहानी
चीन की इन कोशिशों का असर प्रदूषण के आंकड़ों में नजर आया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बीजिंग में औसत PM2.5 स्तर 2013 के 101.7 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से घटकर 2024 में 30.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया। यानी करीब 70 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, चीन में प्रदूषण की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, लेकिन बीजिंग की हवा में काफी सुधार हुआ है।
दिल्ली कब लेगी सबक? चीन का मॉडल दिखा सकता है साफ हवा का रास्ता
दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए केवल सर्दियों में कुछ दिनों के प्रतिबंध लगाना पर्याप्त नहीं होगा। इसके लिए सालभर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों, फैक्ट्रियों और निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण जरूरी है। दिल्ली-NCR के साथ आसपास के राज्यों को भी मिलकर काम करना होगा। चीन का अनुभव बताता है कि मजबूत इच्छाशक्ति, सख्त नियमों और लगातार प्रयासों से जहरीली हवा को काफी हद तक साफ किया जा सकता है।








