Explore

Search

October 22, 2026 5:46 pm

लेटेस्ट न्यूज़

‘तू है मेरी किरण’ का विवाद सुलझा, कल प्रदर्शित होगी सोनाक्षी-जहीर इकबाल की रहस्य-रोमांच से भरी फिल्म

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की आगामी फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक कल यानी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माताओं ने पुष्टि की है कि फिल्म से जुड़ा वित्तीय विवाद आपसी सहमति से अंदरूनी तौर पर सुलझा लिया गया है। यह घोषणा बॉम्बे हाईकोर्ट के उस हस्तक्षेप के बाद आई है, जिसके चलते इस सप्ताह की शुरुआत में फिल्म की theatrical release पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। सह-निर्माताओं विशाल राणा और सर्वेश गोयल ने अब स्पष्ट कर दिया है कि फिल्म तय तारीख पर ही पर्दे पर आएगी।

निर्माताओं का पक्ष

निर्माता विशाल राणा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए एक बयान में कहा, “कुछ ऐसे मामले थे जिन पर ध्यान देना जरूरी था और मुझे खुशी है कि हम उन्हें अंदरूनी तौर पर सुलझाने में सफल रहे। अब सब कुछ ठीक है और हम 23 अक्टूबर को तय योजना के अनुसार ‘तू है मेरी किरण’ की रिलीज के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमारा मुख्य फोकस हमेशा से फिल्म को दर्शकों तक पहुँचाना रहा है।”

वहीं, सर्वेश गोयल ने भी स्पष्ट किया कि मामला सुलझ चुका है और पूरी टीम फिल्म की रिलीज की तैयारियों में जुटी है। उन्होंने कहा, “फिल्म को लेकर कुछ खबरें चल रही थीं, लेकिन मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मामला आपसी स्तर पर सुलझा लिया गया है। फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

क्यों हुई थी बॉम्बे हाईकोर्ट की दखलंदाजी?

‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सह-निर्माता ‘एंड मूवी प्रोडक्ट्स एलएलपी’ और ‘एशेलॉन प्रोडक्शंस’ के बीच 8.85 करोड़ के वित्तीय विवाद को लेकर मामला अदालत तक जा पहुँचा था। ‘एंड मूवी’ ने मार्च 2024 के सह-उत्पादन समझौते के तहत निवेश की गई रकम वापस न मिलने और चेक बाउंस होने का आरोप लगाया था, जिसके बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने 19 अक्टूबर को फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने का अंतरिम आदेश दिया था।

अदालत ने एशेलॉन प्रोडक्शंस को रिलीज से पहले सुरक्षा के तौर पर ब्याज के साथ 8.85 करोड़ जमा करने का निर्देश दिया था। हालांकि, अब निर्माताओं का कहना है कि आपसी सहमति से विवाद को सुलझा लिया गया है और फिल्म अपनी तय तारीख पर ही रिलीज होगी।

फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट

करण रावल द्वारा लिखित और निर्देशित ‘तू है मेरी किरण’ रोमांस, रहस्य और सस्पेंस का एक अनूठा मिश्रण है। यह फिल्म उलझे हुए रिश्तों, एकतरफा प्यार और अप्रत्याशित मोड़ों की कहानी बयां करती है।

मुख्य कलाकार: सोनाक्षी सिन्हा, जहीर इकबाल, अंकित गुप्ता, शर्लिन सेठ, जरीना वहाब और पूर्णेंदु भट्टाचार्य।

प्रस्तुति और निर्माण: यह फिल्म एशेलॉन प्रोडक्शंस और AND प्रोडक्शंस के बैनર तले पेश की जा रही है, जिसके निर्माता विशाल राणा, सर्वेश गोयल, अश्विनी कुमार, मनोज दाराक और नृपाल पटेल हैं।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर