Explore

Search

October 22, 2026 6:12 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पहला टी20 मैच : टीम इंडिया का न्यूजीलैंड में जीत से आगाज, रोमांचक मुकाबले में मारी बाजी

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

क्राइस्टचर्च। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड की धरती पर जीत के साथ आगाज किया। गुरुवार (22 अक्टूबर) को यहां खेले गए 5 मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 2 गेंद रहते मेजबान टीम को 4 विकेट से हरा दिया। भारत के सामने 226 रन का मुश्किल लक्ष्य था, जो उसने 19.4 ओवर में हासिल कर लिया। अब सीरीज का दूसरा मैच शनिवार (24 अक्टूबर) को खेला जाएगा।

नमन धीर बने जीत के हीरो, सैमसन चुने गए मैन ऑफ द मैच

लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम को विकेटकीपर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तगड़ी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में ही ताबड़तोड़ 93 रन जोड़ जीत की नींव रख दी। अभिषेक पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने 12 गेंदों पर दो चौकों व तीन छक्कों की मदद से 29 रन ठोक डाले। मैन ऑफ द मैच सैमसन ने 33 गेंदों पर 8 चौकों व 4 छक्कों की सहायता से 67 रन उड़ाए। हालांकि टीम मिडिल ऑर्डर में लड़खड़ा गई। तिलक वर्मा (6) और ईशान किशन (1) सस्ते में पैवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर (42) और अक्षर पटेल (24) ने तूफानी पारियां खेल उम्मीद बनाए रखी। श्रेयस ने 28 गेंदों पर 1 चौका व 2 छक्के तथा अक्षर ने 14 गेंदों पर 3 चौके व 1 छक्का जमाया। आखिर में नमन धीर ने बाजी पलट दी और कीवियों के जबड़े से जीत छीन ली। उन्होंने 15 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों के सहारे नाबाद 42 रन बनाए। नितिश कुमार रेड्डी 2 रन पर अविजित रहे। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिशेल सेंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने 2-2 और एडम मिल्ने व लोकी फर्ग्यूसन ने 1-1 विकेट लिया। मैट हेनरी व नाथन स्मिथ खाली हाथ रहे।

ग्लेन फिलिप्स ने जमाया ताबड़तोड़ अर्धशतक

इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों पर 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन ठोक डाले। अन्य बल्लेबाजों ने भी तूफानी तरीके से खेलते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया। ओपनर फिन एलन ने 24 गेंदों पर 5 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 45 रन बटोरे। विकेटकीपर ओपनर टिम सीफर्ट ने 17 गेंदों पर 3 चौकों व एक छक्के की सहायता से 24 रन जोड़े। डेरिल मिशेल ने 28 और बेवन जैकब्स ने 31 रन की पारी खेली। मेहमान टीम के लिए अर्शदीप सिंह, मयंक यादव व अक्षर पटेल ने 1-1 सफलता हासिल की। लंबे समय बाद वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 49 रन लुटा दिए, लेकिन खाली हाथ रह गए। नितिश को भी विकेट नहीं मिला।

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर