Explore

Search

July 24, 2026 8:01 pm

यातायात नियमों के उल्लंघन पर राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान शुरू, पहले ही दिन 18,477 चालकों पर कार्रवाई —प्रदेशभर में 16 जुलाई तक चलेगा विशेष चेकिंग अभियान;

राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान
WhatsApp
Facebook
Twitter
Email
जयपुर, 3 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान प्रारंभ किया गया है। 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालिवाल के पर्यवेक्षण में राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस उपायुक्तों द्वारा यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के तहत बिना हेलमेट नहीं सफर, चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य तथा आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन जैसे संदेशों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
विशेष अभियान के प्रथम दिन 2 जुलाई को राज्यभर में कुल 18,477 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ की गईं। इनमें बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 7,104 चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले 5,133 चालकों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले 3,082 वाहन चालकों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (6-लेन/एक्सप्रेस-वे) पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले 3,158 वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं सहयात्री दोनों हेलमेट अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सड़क पर वाहन खड़ा करने के लिए केवल अधिकृत स्थानों का उपयोग करें तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन बनाए रखें। सड़क सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
देवेन्द्र सिंह
Author: देवेन्द्र सिंह

tv journalist with a 25 years of experience. Earlier worked for etv,indianews, sahara samay, bharat express etc

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर