Explore

Search

October 22, 2026 9:51 pm

सऊदी अरब में फंसे 3,000 उमरा यात्रियों की वतन वापसी, 10 हजार से अधिक लोग नियमित उड़ानों से भी लौट

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

नई दिल्ली। सऊदी अरब में हवाई अड्डों और विभिन्न ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच वहां की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है। इस बीच, सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार लगातार प्रयास कर रही है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब 3,000 भारतीय उमरा यात्री उपलब्ध उड़ानों के जरिए भारत लौट चुके हैं। इसके अलावा, 10 हजार से अधिक तीर्थयात्री अपनी पहले से निर्धारित नियमित उड़ानों से भी स्वदेश पहुंचे हैं। शेष यात्रियों की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत जारी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सऊदी अरब में फंसे भारतीय तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए वहां स्थित भारतीय मिशन लगातार सक्रिय है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए संबंधित विमानन कंपनियों और टूर ऑपरेटरों के साथ समन्वय कर रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य फंसे हुए यात्रियों की वापसी के लिए जल्द से जल्द उचित व्यवस्था करना है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बीते सात दिनों में लगभग 3,000 ऐसे उमरा यात्री भारत लौटे हैं, जिनकी यात्रा प्रभावित हुई थी और जिनके लिए उपलब्ध उड़ानों के माध्यम से वापसी की व्यवस्था की गई। वहीं, 10 हजार से अधिक अन्य उमरा यात्रियों ने अपनी पहले से बुक की गई नियमित उड़ानों से भारत की यात्रा पूरी की। मंत्रालय ने बताया कि अभी भी जो यात्री सऊदी अरब में फंसे हुए हैं, उनकी सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए संबंधित एयरलाइंस तथा यात्रा संचालकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।

भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए जारी किए संपर्क नंबर

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों की मदद के लिए भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय सामुदायिक स्वयंसेवकों के सहयोग से प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही, भारतीय नागरिकों की समस्याओं और आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चौबीसों घंटे सक्रिय रहने वाले नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। यात्रियों को मौजूदा परिस्थितियों से अवगत कराने और जरूरी दिशा-निर्देश देने के लिए समय-समय पर परामर्श भी जारी किए जा रहे हैं।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने जरूरतमंद भारतीय नागरिकों के लिए संपर्क के कई माध्यम उपलब्ध कराए हैं। सहायता के लिए टेलीफोन नंबर +966-554412016 और +966-542126784 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, 8002471234 टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर केवल सऊदी अरब के भीतर से कॉल की जा सकती है। वहीं, व्हाट्सऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए +966-536216082 नंबर उपलब्ध कराया गया है। इस नंबर पर केवल संदेश भेजे जा सकते हैं।

इसी तरह, जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं। वहां मदद के लिए +966-12-2614093 और +966-556122301 पर संपर्क किया जा सकता है। भारतीय मिशनों की ओर से यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें और किसी भी परेशानी की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

क्या है उमरा और क्यों जाते हैं श्रद्धालु सऊदी अरब?

उमरा इस्लाम धर्म की एक महत्वपूर्ण धार्मिक तीर्थयात्रा है, जिसे मुसलमान सऊदी अरब के मक्का शहर में स्थित पवित्र काबा में करते हैं। इसे आमतौर पर छोटा हज भी कहा जाता है। हज के विपरीत, उमरा साल के अलग-अलग समय में किया जा सकता है। इस धार्मिक यात्रा के लिए दुनिया के विभिन्न देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सऊदी अरब पहुंचते हैं।

भारत से भी हर साल हजारों की संख्या में मुस्लिम श्रद्धालु उमरा करने के लिए मक्का जाते हैं। ऐसे में उड़ानों के संचालन में बाधा आने या सुरक्षा संबंधी परिस्थितियां बिगडऩे पर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। मौजूदा स्थिति में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित यात्रियों की सहायता तथा उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, शेष यात्रियों को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर