Explore

Search

October 22, 2026 9:09 pm

रफ्तार के दीवानों के लिए Kawasaki Z300 लॉन्च, जानें इसकी खूबियां और क्या है कीमत

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

भारत में इस समय फेस्टिवल सीजन परवान पर है। लोग बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रहे हैं। ऐसे में वाहन निर्माता कंपनियों में भी जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। वे अपने ग्राहकों के लिए नित नए मॉडल पेश कर रही हैं। इस बीच मशहूर कंपनी कावासाकी (Kawasaki) ने भारतीय बाजार में अपनी नई नेकेड स्पोर्ट्स बाइक Kawasaki Z300 उतार दी है। खास बात ये है कि यह भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध कावासाकी की Z-सीरीज की सबसे सस्ती बाइक बन गई है। इसमें Ninja 300 वाला ही 296cc का दमदार इंजन दिया गया है। हालांकि कीमत के मामले में यह KTM 390 Duke जैसी बाइक्स से महंगी है।

ऐसा है इंजन और परफॉर्मेंस

कावासाकी Z300 में 296cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन मिलता है। यह इंजन 11000rpm पर 39.4bhp की अधिकतम पावर और 10000rpm पर 26.3Nm का पीक टॉर्क प्रोड्यूस करता है। बाइक में 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसके साथ स्लिप और असिस्ट क्लच की सुविधा भी मिलती है। कंपनी ने इसमें डुअल-थ्रॉटल वॉल्व टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है। यह इंजन ज्यादा आरपीएम पर बेहतर परफॉर्मेंस के लिए तैयार किया गया है। ट्विन-सिलेंडर इंजन पसंद करने वालों के लिए यह बढ़िया ऑप्शन हो सकती है।

डिजाइन और लुक में ऐसी है बाइक

नई Z300 की डिजाइन कंपनी की पॉपुलर Z900 से प्रेरित है। इसमें Z-शेप वाली हेडलाइट और बड़े फ्यूल टैंक एक्सटेंशन दिए गए हैं। चौड़ा सिंगल-पीस हैंडलबार है, जिससे आरामदायक और सीधे बैठने की पोजिशन मिलती है। सीट की ऊंचाई 785mm और वजन 175 किलोग्राम है। इसमें 17 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है, जबकि ग्राउंड क्लीयरेंस 140mm है।

ये फीचर्स लगाएंगे चार चांद

मोटरसाइकिल में TFT स्क्रीन की जगह रिवर्स LCD इंस्ट्रूमेंट कंसोल है। इसमें स्पीड, आरपीएम, फ्यूल लेवल, इंजन तापमान, घड़ी, ओडोमीटर और ट्रिप मीटर जैसी जानकारियां नजर आती हैं। सस्पेंशन के लिए आगे 37mm टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे एडजस्टेबल मोनोशॉक है। ब्रेकिंग के लिए आगे 290mm और पीछे 220mm डिस्क ब्रेक मिलते हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड है।

इस बाइक को देगी टक्कर

Kawasaki Z300 को फिलहाल एक वेरिएंट और दो कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। इनमें कैंडी लाइम ग्रीन/एबोनी और मेटैलिक कार्बन ग्रे/एबोनी शामिल हैं। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 3.24 लाख रुपए रखी है। बता दें कि इसकी कीमत Ninja 300 से 10000 रुपए कम है। वहीं, KTM 390 Duke की तुलना में यह करीब 38664 रुपए महंगी है। इसे मुख्य रूप से TVS Apache RTR 310 से टक्कर मिलेगी।

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर