उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मंच से प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को डराने-धमकाने और उनके आचरण पर सवाल उठाने के बाद हिंदी व पंजाबी फिल्म उद्योग के कई कलाकार दलेर के समर्थन में आ गए हैं। अभिनेता राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर मंत्री के व्यवहार की कड़ी निंदा की और स्पष्ट किया कि गायक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
राजपाल यादव के अलावा अनुपम खेर, सोना महापात्रा, बादशाह और मीका सिंह जैसे बड़े कलाकारों ने भी दलेर मेहंदी का पक्ष लेते हुए मंत्री की भाषा और रवैये की आलोचना की है।
राजपाल यादव ने क्या कहा?
इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में राजपाल यादव ने कहा, “कला के एक छात्र के नाते मैं आपसे कुछ साझा करना चाहता हूँ। जिस तरह से एक आदरणीय मंत्री जी ने एक ऐसे महान गायक के लिए कड़वे शब्दों और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिनकी आवाज़ दशकों से लोगों के दिलों को छू रही है, वह इतने ज़िम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता।”
उन्होंने आगे कहा, “ऐसा लगा जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो, जबकि कला को कभी खरीदा नहीं जा सकता। कला ही जीवन है और आपको जीवन का सम्मान करना चाहिए। आपकी जानकारी के लिए बता दूँ कि दलेर पाजी शराब नहीं पीते हैं। मैंने उनके साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ में काम किया है। वे स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और लोग उन्हें इससे उबारने में मदद कर रहे हैं। सत्ता और कुर्सी आती-जाती रहेगी, लेकिन कला का स्थान हमेशा ऊँचा रहेगा, इसलिए आपको इसका सम्मान करना चाहिए।”
क्या है पूरा विवाद?
यह घटना रविवार रात उत्तराखंड के न्यू टिहरी में ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ के दौरान आयोजित एक सांस्कृतिक संध्या की है। मंच पर प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को रोकते हुए कहा था, “तुम बोल तो पा नहीं रहे हो, गाओगे क्या?” मंत्री का इशारा इस ओर था कि गायक नशे में हैं।
बाद में मीडिया से बात करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल ने सफाई दी कि नवरात्रि कार्यक्रम में प्रदर्शन के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख का भुगतान किया गया था। उन्होंने कहा, “वे एक बड़े कलाकार हैं, लेकिन मंच पर वे असंतुलित दिख रहे थे और ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। इसके अलावा वे केवल लिप-सिंक कर रहे थे। मैंने बस इतना कहा कि वे अपनी कला के साथ न्याय करें।”
मंत्री के इस बयान और आचरण के बाद से ही मनोरंजन जगत में आक्रोश है और सितारे लगातार दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी आवाज़ उठा रहे हैं।








