Rajasthan News : राजस्थान पुलिस ने वन विभाग रेंज कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले युवा को पकड़ने पर 25 पैसे यानी चवन्नी का इनाम घोषित किया है। चवन्नी का इनाम घोषित होने पर मामला चर्चा में आ गया और लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा चवन्नी का इनाम घोषित करके फरार चल रहे युवा पर कटाक्ष किया है।
राजस्थान के बारां जिले के नाहरगढ़ वन विभाग रेंज कार्यालय में एक नवंबर को घुसकर तोड़फोड़, वनकर्मियों से मारपीट और जब्त इंजन को जबरन छुड़ा ले जाने के मामले में दर्ज मुकदमे में बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने फरार चल रहे नरेश मीणा की गिरफ्तारी पर 25 पैसे का इनाम घोषित किया है।
पुलिस की कई टीमें पिछले तीन दिन से नरेश की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। इससे पहले गत मंगलवार अलसुबह पुलिस टीमें नयागांव में नरेश के घर भी पहुंची थी, लेकिन नरेश गायब हो गए थे। गौरतलब है कि गत एक नवंबर को नाहरगढ़ में चुनावी सभा के बाद भीड़ के साथ नरेश नाहरगढ़ रेंज कार्यालय में घुसे थे।
यहां तोड़फोड़ और वनकर्मियों से मारपीट की घटना हुई थी। वन विभाग की ओर से राजकार्य में बाधा, वनकर्मियों के साथ मारपीट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जब्त माल छुड़ाकर ले जाने के संबंध में थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसके बाद से पुलिस नरेश को तलाश कर रही है।
नरेश को पकड़ने के लिए पुलिस ने जिलेभर में सघन तलाशी अभियान चला रखा है। एसपी के निर्देशन में कई विशेष टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अटरू पुलिस उप अधीक्षक रामानन्द यादव ने बताया कि घटना में वांछित आरोपियों को पकडने के लिए पुलिस का आसूचना तंत्र सक्रिय है। इनपुट के आधार पर जहां-जहां उसके छिपने या शरण लेने की संभावना है, वहां अलग-अलग टीमें बनाकर दबिश दी जा रही है।
शुक्रवार को तीसरी बार बड़े स्तर पर दबिश दी गई है। नरेश की गिरफ्तारी पर 25 पैसे का इनाम घोषित किया गया है। गिरफ्तारी के लिए यादव की अगुवाई में विशेष टीमें जुटी हुई है। यादव ने कहा कि वाच्छित कोई भी हो, उसे शरण देने वाला भी अपराधी होता है।
बारां के पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंवासु ने बताया कि एक नवंबर को नाहरगढ़ रेंज कार्यालय की घटना को लेकर दर्ज प्रकरण में आरोपियों-संदिग्धों की धरपकड़ की जा रही है। कुछ को डिटेन भी किया गया है, जल्द ही अन्य आरोपी भी गिरफ्तार किए जाएंगे।
छबड़ा में भी दर्ज हुआ था मुकदमा
इससे पहले गत 22 अक्टूबर को खाद वितरण के दौरान छबड़ा में हंगामा हुआ था। राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में बाद में पुलिस ने नरेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। मामले में जांच जारी है।








