डूंगरपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान के निर्देशानुसार पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल आयोजन के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रथम चरण के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए ईवीएम मशीनों का मतदान केंद्रवार आवंटन द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।
एनआईसी कार्यालय में आयोजित द्वितीय रेंडमाइजेशन की कार्यवाही के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की उपस्थिति में राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के ई-सूची सॉफ्टवेयर के माध्यम से ईवीएम मशीनों का मतदान केंद्रवार आवंटन किया गया।
द्वितीय रेंडमाइजेशन के पश्चात प्रथम चरण के लिए मतदान केंद्रवार आवंटित कंट्रोल यूनिट (सीयू) एवं बैलेट यूनिट (बीयू) की हस्ताक्षरित सूची राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को उपलब्ध करवाई गई। प्रथम चरण के रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रवार आवंटित ईवीएम मशीनों को तैयार करने एवं उनकी कमीशनिंग का कार्य श्री भोगीलाल पण्ड्या राजकीय महाविद्यालय, डूंगरपुर में किया जाएगा। उन्होंने इस प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों से उपस्थित रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चंद्र रेगर, निर्वाचन तहसीलदार अनिल पंड्या सहित संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








