वडोदरा। वैष्णवी शर्मा की रिकॉर्डतोड़ घातक गेंदबाजी के बाद शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल के तूफानी अर्धशतकों के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे को तीसरे और अंतिम वनडे मैच में एकतरफा अंदाज में हरा दिया। वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को महज 131 रनों पर समेटने के बाद 132 रनों के लक्ष्य को मात्र 17 ओवरों में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज को 3-0 से अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम ने वनडे सीरीज में भी मेहमान टीम का 3-0 से सूपड़ा साफ करते हुए सीरीज पर कब्जा जमाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत झटके के साथ हुई जब ओपनर यास्तिका भाटिया बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद क्रीज पर उतरीं प्रतिका रावल ने हरलीन देओल (19 रन) के साथ मिलकर 59 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। हरलीन के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने आईं विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने आक्रामक रुख अपनाया और महज 26 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 51 रनों की आतिशी पारी खेली। दूसरी ओर, प्रतिका रावल ने भी जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 59 रन बनाए। दोनों ने महज 50 गेंदों में 74 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम इंडिया को 17वें ओवर में ही एक बड़ी जीत दिला दी।
इससे पहले, मैच की असली स्टार रहीं युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वैष्णवी (20 साल 314 दिन) वनडे मैच में 5 विकेट लेने वाली भारत की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उनके फिरकी के जाल में उलझकर जिम्बाब्वे की पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रनों पर सिमट गई। वैष्णवी के अलावा भारतीय टीम की तरफ से अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग का नजारा देखने को मिला। टी20 के बाद वनडे सीरीज में भी क्लीन स्वीप करके भारतीय महिला टीम ने अपने घरेलू सत्र की शानदार शुरुआत की है।








