महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय की चर्चा जोर पकड़ ली है। हालाकि, इसके बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसके बयान ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि भाजपा की भागीदारी के बिना ऐसा कोई विलय नहीं हो सकता है। अपने सरकारी आवास पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने यह बयान देकर पत्रकारों को भी चौंका दिया। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार समेत सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के कई नेताओं ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी।
जब फडणवीस से सुनेत्रा पवार के नेतृत्व की तुलना उनके दिवंगत पति अजीत पवार के नेतृत्व से करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसी तुलना करना अनुचित होगा। उन्होंने बताया कि अजीत पवार के पास दशकों का राजनीतिक अनुभव था और उन्हें महाराष्ट्र की गहरी समझ थी। फडणवीस ने कहा, “सुनेत्रा पवार अभी हालात के हिसाब से खुद को ढाल रही हैं। उनकी तुलना अजीत दादा से करना सही नहीं होगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीपी के अन्य वरिष्ठ नेता मिलकर पार्टी का कामकाज संभाल रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विलय के मामले पर केवल शरद पवार या उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ही स्पष्ट जानकारी दे सकती हैं। उन्होंने दोनों ही गुटों के बाकी नेताओं के बयानों को महत्वहीन बताते हुए खारिज कर दिया।
तीसरा गुट बनाना चाहिए: शिंदे की शिवसेना
वहीं, शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दो गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि विलय के बजाय दोनों गुटों को मिलकर बिल्कुल नया तीसरा गुट बनाना चाहिए। शिरसाट ने सवाल उठाया कि जब दोनों गुटों के नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं तो विलय कैसे संभव हो सकता है? उन्होंने कहा कि अगर नेता एक-दूसरे पर तीखे और आक्रामक हमले कर रहे हैं तो विलय की संभावना न के बराबर है।
उन्होंने कहा कि सुबह भले ही विलय की बात हो, लेकिन दोपहर तक वही नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आते हैं। ऐसे में यह समझना मुश्किल हो जाता है कि असल में क्या हो रहा है।








