Explore

Search

October 22, 2026 7:29 pm

लेटेस्ट न्यूज़

‘रामायणम्’ की ओटीटी रिलीज को लेकर बड़ा ऐलान, जियोहॉटस्टार के साथ हुई खास साझेदारी

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्: पार्ट वन’ की ओटीटी रिलीज को लेकर बड़ा ऐलान किया गया है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और जियोहॉटस्टार ने इसे देशभर के अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए साझेदारी की है। इस समझौते के तहत फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद भारत में जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। खास बात यह है कि दर्शकों को इसे देखने के लिए एक विशेष ऑन-डिमांड खरीद विकल्प मिलेगा। इसके जरिए वे निर्धारित शर्तों के अनुसार फिल्म को अलग से खरीदकर देख सकेंगे। जियोहॉटस्टार पहली बार अपने मंच पर पे-पर-व्यू सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत दर्शकों को किसी फिल्म को देखने के लिए अलग से भुगतान करने का विकल्प दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित इस भव्य सिनेमाई प्रस्तुति को देश के करोड़ों दर्शकों तक पहुंचाना है।

‘रामायणम्: पार्ट वन’ 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को आईमैक्स 3डी सहित प्रीमियम सिनेमाई प्रारूपों में भी प्रदर्शित किया जाएगा। निर्माताओं के अनुसार, सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भारतीय दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर विशेष ऑन-डिमांड खरीद सुविधा के माध्यम से देख सकेंगे। इस साझेदारी के जरिए जियोहॉटस्टार की तकनीकी क्षमताओं और व्यापक पहुंच का इस्तेमाल करते हुए फिल्म को देशभर में उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दर्शक अपने समर्थित उपकरणों पर बेहतर गुणवत्ता के साथ फिल्म देखने का अनुभव प्राप्त कर सकें। इस तरह, जो लोग किसी कारणवश सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पाते, उनके लिए भी इस महाकाव्य पर आधारित फिल्म देखने का अवसर उपलब्ध हो सकेगा।

जियोस्टार की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने इस साझेदारी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि रामायण भारत की महान सभ्यतागत धरोहरों में से एक है। यह ऐसी कथा है, जिसने सदियों से भारतीय समाज की चेतना को आकार दिया है, लोगों की कल्पनाओं को प्रेरित किया है और जीवन को दिशा देने वाले मूल्यों को स्थापित किया है। उनके अनुसार, भारत कहानी कहने के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है और ऐसे समय में अपनी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का असाधारण अवसर मौजूद है।

नीता अंबानी ने कहा कि जियोहॉटस्टार का उद्देश्य तकनीक की सहायता से बेहतरीन कहानियों को देश के हर हिस्से में रहने वाले लोगों तक पहुंचाना है। रामायण की इस भव्य सिनेमाई प्रस्तुति को देशभर के परिवारों के सामने लाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी को कर्तव्य, प्रेम, साहस और अच्छाई जैसे उन शाश्वत मूल्यों से परिचित कराने का अवसर भी मिलेगा, जो रामायण की मूल भावना का हिस्सा हैं। उनके अनुसार, तकनीक और मनोरंजन के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाना भारतीय कहानियों को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

फिल्म के निर्माता, प्राइम फोकस स्टूडियोज के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नमित मल्होत्रा ने कहा कि रामायण की कहानी का अनुभव सबसे बड़ी स्क्रीन पर, विशेष रूप से आईमैक्स 3डी में किया जाना चाहिए। हालांकि, भारत में सिनेमाघरों का बुनियादी ढांचा अभी हर उस व्यक्ति तक पहुंचने में सक्षम नहीं है, जिसके मन में इस महाकाव्य के लिए विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि रामायण हर भारतीय की अपनी कहानी है और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की महत्वाकांक्षा भी इसी भावना के अनुरूप होनी चाहिए।

नमित मल्होत्रा के अनुसार, जियोहॉटस्टार ने खेल और मनोरंजन के माध्यम से तकनीक की ताकत का इस्तेमाल करते हुए देशभर के लोगों को जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी वजह से यह साझेदारी फिल्म के निर्माताओं के लिए स्वाभाविक विकल्प बनी। उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार की मदद से फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद लोगों के घरों तक पहुंचाया जा सकेगा। इस पहल के जरिए निर्माताओं का लक्ष्य रामायण की कथा को उन दर्शकों तक भी पहुंचाना है, जो इसे बड़े पर्दे पर देखने का अवसर नहीं प्राप्त कर पाते।

प्राइम फोकस स्टूडियोज के बैनर तले तैयार की जा रही ‘रामायणम्’ का निर्माण ऑस्कर विजेता प्रोडक्शन और दृश्य प्रभाव स्टूडियो डीएनईजी तथा अभिनेता यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया गया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह दो भागों वाली लाइव-एक्शन सिनेमाई प्रस्तुति है। फिल्म की कहानी श्रीधर राघवन ने महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित होकर तैयार की है। निर्माताओं ने इस प्राचीन महाकाव्य को आधुनिक सिनेमाई तकनीक के माध्यम से भव्य रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है, ताकि इसकी कथा और पात्रों को बड़े स्तर पर जीवंत किया जा सके।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान ने संभाली है। वहीं, रवि बंसल और रैमसे एवरी ने फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन तैयार किया है, जबकि टेरी नॉटरी और गाय नॉरिस ने एक्शन दृश्यों की रूपरेखा और कोरियोग्राफी पर काम किया है। फिल्म को आईमैक्स और अन्य प्रीमियम सिनेमाई प्रारूपों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसके निर्माण में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा जगत की कई प्रमुख प्रतिभाएं शामिल हैं। निर्माताओं का उद्देश्य रामायण की दुनिया को बड़े पैमाने, प्रभावशाली दृश्यों और आधुनिक तकनीकी क्षमताओं के साथ पर्दे पर प्रस्तुत करना है, ताकि दर्शकों को एक व्यापक सिनेमाई अनुभव मिल सके।

‘रामायणम्: पार्ट वन’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाते दिखाई देंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाएंगी। अभिनेता यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे। इनके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल सहित कई अन्य कलाकार भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की स्टार कास्ट और भव्य निर्माण को देखते हुए इसे भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है।

‘रामायणम्: पार्ट वन’ दिवाली के अवसर पर 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद भारत में इसे जियोहॉटस्टार पर विशेष ऑन-डिमांड खरीद विकल्प के माध्यम से देखने की सुविधा मिलेगी। इस साझेदारी के साथ निर्माताओं और डिजिटल मंच का लक्ष्य रामायण जैसी कालजयी कथा को बड़े पर्दे से आगे बढ़ाकर अधिक व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाना है। साथ ही, पे-पर-व्यू सुविधा की शुरुआत जियोहॉटस्टार पर फिल्म देखने के तरीके में एक नया विकल्प जोड़ेगी, जिसके तहत दर्शक इस विशेष प्रस्तुति को अलग से खरीदकर देख सकेंगे।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर