साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की अपकमिंग फिल्म ‘राका’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। निर्देशक एटली के साथ बन रही इस बड़े बजट की साइंस-फिक्शन एक्शन ड्रामा फिल्म में अल्लू अर्जुन के ट्रिपल रोल में नजर आने की रिपोर्ट सामने आई है। यानी अभिनेता फिल्म में तीन अलग-अलग किरदार निभाते दिखाई दे सकते हैं।
तीन अलग-अलग किरदारों में दिखेंगे अल्लू अर्जुन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘राका’ में अल्लू अर्जुन पहली बार तीन अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई दे सकते हैं। रिपोर्ट में उनके एक किरदार को दिव्य योद्धा, जबकि दूसरे को ग्रे शेड वाला किरदार बताया गया है। तीसरे रोल को लेकर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है।
फिल्म की कहानी भी काफी बड़े स्तर पर तैयार किए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार कहानी तीन अलग-अलग टाइमलाइन में आगे बढ़ सकती है, जिसमें साइंस-फिक्शन के साथ एक्शन और रहस्यमयी तत्व देखने को मिलेंगे।
दीपिका और रश्मिका के भी अहम किरदार
फिल्म में सिर्फ अल्लू अर्जुन ही नहीं, बल्कि फीमेल स्टारकास्ट भी काफी बड़ी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना और जाह्नवी कपूर समेत करीब सात अभिनेत्रियां फिल्म का हिस्सा हो सकती हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका का किरदार कहानी के एक महत्वपूर्ण हिस्से से जुड़ा हो सकता है, जबकि रश्मिका उनके किरदार की रक्षक की भूमिका में नजर आ सकती हैं। जाह्नवी कपूर के किरदार को भी अलग अंदाज में पेश किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन सभी किरदारों की पूरी जानकारी अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।
सितंबर से शुरू होगा बड़ा एक्शन शेड्यूल
मेकर्स सितंबर में हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म का बड़ा शूटिंग शेड्यूल शुरू करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान फिल्म के महत्वपूर्ण इंटरवल ब्लॉक से जुड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्माए जा सकते हैं।
इन सीन्स में अल्लू अर्जुन के साथ रश्मिका मंदाना और ऐश्वर्या लक्ष्मी के भी नजर आने की बात कही जा रही है। फिल्म के विशाल सेट और बड़े स्तर के एक्शन को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है।
फैंस को दिखेगा अल्लू अर्जुन का नया अवतार
‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी के बाद अल्लू अर्जुन की इस फिल्म से दर्शकों को एक बिल्कुल अलग तरह का किरदार देखने की उम्मीद है। ट्रिपल रोल की खबर ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
हालांकि, ट्रिपल रोल और सात अभिनेत्रियों से जुड़ी जानकारी फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है, इसलिए मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। अगर ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं तो ‘राका’ अल्लू अर्जुन के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल हो सकती है।








