Explore

Search

November 29, 2026 4:41 pm

CSIR-UGC NET उम्मीदवारों को बड़ी राहत, 6969 अभ्यर्थी 1 दिसंबर तक बदल सकेंगे परीक्षा शहर

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 6,969 अभ्यर्थियों को परीक्षा शहर बदलने का एक और मौका दिया है। यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए शुरू की गई है, जिन्हें आवेदन के दौरान चुने गए चार पसंदीदा शहरों में से कोई भी शहर आवंटित नहीं हुआ था। ऐसे अभ्यर्थी अब उपलब्ध विकल्पों में से अपनी सुविधा के अनुसार दूसरा परीक्षा शहर चुन सकते हैं।

NTA की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, उम्मीदवार 1 दिसंबर 2026 को रात 11:55 बजे तक अपना नया परीक्षा शहर चुन सकते हैं। इसके लिए उन्हें CSIR-UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कैंडिडेट पोर्टल में लॉग इन करना होगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह सुविधा सभी उम्मीदवारों के लिए नहीं है। इसका लाभ केवल उन्हीं 6,969 अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिन्हें उनकी चारों प्राथमिकताओं से बाहर का परीक्षा शहर दिया गया है।

2.14 लाख उम्मीदवारों को आवंटित हुए परीक्षा शहर

NTA के आंकड़ों के मुताबिक, CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 के लिए कुल 2,14,139 उम्मीदवारों को परीक्षा शहर आवंटित किए गए हैं। इनमें से 1,96,790 उम्मीदवारों यानी 91.90 प्रतिशत को उनकी पहली पसंद का शहर मिला है। वहीं, 2,07,170 अभ्यर्थियों को उनकी चार पसंदीदा प्राथमिकताओं में से कोई एक शहर आवंटित किया गया है। यह कुल उम्मीदवारों का 96.75 प्रतिशत है।

दूसरी ओर, 6,969 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्हें आवेदन में चुने गए चारों शहरों से अलग परीक्षा शहर दिया गया है। इनकी संख्या कुल अभ्यर्थियों का 3.25 प्रतिशत है। NTA के अनुसार, कुछ शहरों में उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) सीटों से अधिक हो गई थी। इसी वजह से कुछ अभ्यर्थियों को उनके विकल्पों से बाहर नजदीकी उपलब्ध शहर आवंटित करना पड़ा।

1 दिसंबर रात 11:55 बजे तक मिलेगा मौका

परीक्षा शहर बदलने के इच्छुक पात्र उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर अपनी पसंद दर्ज करनी होगी। इसके लिए सबसे पहले CSIR-UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.nic.in पर जाएं। इसके बाद अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से कैंडिडेट पोर्टल पर लॉग इन करें।

लॉग इन करने के बाद पात्र उम्मीदवारों को परीक्षा शहर बदलने का विकल्प दिखाई देगा। पोर्टल पर केवल उन्हीं शहरों की सूची उपलब्ध होगी, जहां परीक्षा के लिए सीटें खाली हैं। उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से किसी एक शहर का चयन कर सकते हैं। इसके बाद अपनी पसंद सबमिट करनी होगी।

एक बार शहर चुनने के बाद नहीं मिलेगा बदलाव का मौका

NTA ने स्पष्ट किया है कि नए परीक्षा शहर का आवंटन उपलब्ध सीटों के आधार पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को जल्द से जल्द अपना विकल्प चुनने की सलाह दी गई है। एक बार नया शहर चुनकर सबमिट करने के बाद उसमें दोबारा बदलाव नहीं किया जा सकेगा।

अगर कोई पात्र उम्मीदवार 1 दिसंबर तक नया शहर नहीं चुनता है, तो उसे पहले से आवंटित परीक्षा शहर में ही परीक्षा देनी होगी। तय समय सीमा के बाद शहर बदलने से संबंधित अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

19, 22 और 27 दिसंबर को होगी परीक्षा

संयुक्त CSIR-UGC NET दिसंबर 2026 की परीक्षा 19, 22 और 27 दिसंबर को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। NTA ने 27 नवंबर को उम्मीदवारों के लिए एडवांस एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी की थी। इसमें परीक्षा शहर, तारीख और शिफ्ट की जानकारी दी गई है।

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी एग्जाम सिटी स्लिप में दी गई जानकारी ध्यान से जांच लें और यदि वे शहर बदलने के पात्र हैं तो 1 दिसंबर की समय सीमा से पहले अपनी पसंद सबमिट कर दें।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर