भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और गायक पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया है। पवन सिंह के इस बयान ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है।
‘बर्दाश्त की सीमा पार हो गई’
पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि घर के मामलों में उलझकर इंसान कई बार सब कुछ भूल जाता है। उन्होंने कहा कि बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद वह बेहद दुखी होकर यह पोस्ट कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने भोजपुरी समाज के लोगों से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी।
मां और बड़े भाई के लिए कही ये बात
पवन सिंह ने साफ किया कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है। हालांकि, उन्होंने अपनी मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह को इससे अलग रखा है। उन्होंने लिखा कि मां और बड़े भाई के लिए जब तक जिंदा हैं, उनकी जान हाजिर है।
परिवार से रिश्ता तोड़ने की वजह नहीं बताई
पवन सिंह ने अपने इस फैसले के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में किसी अन्य परिजन का नाम भी नहीं लिया। फिलहाल उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब प्रशंसकों को इंतजार है कि पवन सिंह इस मामले में आगे कोई और जानकारी साझा करते हैं या नहीं।



