पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा झटका लगा है। चमकौर साहिब विधानसभा सीट से पार्टी के मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़कर शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन थाम लिया है। 29 नवंबर को चंडीगढ़ में अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
डॉ. चरणजीत सिंह के इस फैसले के बाद पंजाब की सियासत में नई हलचल शुरू हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनके पाला बदलने को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। खास बात यह है कि पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से उनका टिकट काटकर पूर्व बसपा नेता जसबीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया था। टिकट कटने के बाद से ही डॉ. चरणजीत सिंह की नाराजगी की खबरें सामने आ रही थीं।
टिकट कटने के बाद लिया पार्टी छोड़ने का फैसला
डॉ. चरणजीत सिंह के अकाली दल में शामिल होने के पीछे आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलना एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने 2027 के चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से उनकी जगह जसबीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार घोषित किया है। इस फैसले के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने पहले ही साफ कर दिया था कि वह हर हाल में चमकौर साहिब सीट से चुनाव लड़ेंगे।
सुखबीर सिंह बादल ने किया स्वागत
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने डॉ. चरणजीत सिंह का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि चमकौर साहिब से मौजूदा AAP विधायक का अकाली दल में शामिल होना खुशी की बात है। सुखबीर बादल ने डॉ. चरणजीत सिंह को चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित शख्सियत बताते हुए भरोसा दिलाया कि उन्हें और उनकी टीम को पार्टी में उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।
2022 में पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी को दी थी मात
डॉ. चरणजीत सिंह 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान काफी चर्चा में आए थे। उन्होंने चमकौर साहिब सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। इस जीत के बाद उन्हें पंजाब की राजनीति में एक मजबूत चेहरे के रूप में देखा जाने लगा था। हालांकि, अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनका आम आदमी पार्टी छोड़ना पार्टी के लिए चुनौती माना जा रहा है।
AAP छोड़ने वाले चौथे विधायक बने डॉ. चरणजीत सिंह
डॉ. चरणजीत सिंह पंजाब में आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले चौथे विधायक हैं। उनसे पहले हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। अब डॉ. चरणजीत सिंह के अकाली दल में शामिल होने से पंजाब में राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का असर चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि आम आदमी पार्टी इस राजनीतिक झटके से कैसे निपटती है और अकाली दल को चमकौर साहिब में इससे कितना फायदा मिलता है।



