Explore

Search

November 27, 2026 6:04 pm

संविधान गौरव दिवस पर कांग्रेस पर बरसे CM भजनलाल, बोले- सत्ता स्वार्थ में संविधान की मूल भावना को किया आहत; जितेंद्र सिंह ने भी परिवारवाद पर घेरा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email
जयपुर। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित है, लेकिन भारत के ऐसे महान शिक्षाविद् और संविधान निर्माता को अपने ही देश में उचित सम्मान दिलाने के लिए लंबे समय तक प्रयास नहीं हुए। उन्होंने कहा कि इसके पीछे कांग्रेस की परिवारवाद की राजनीति की सोच रही, जिसमें एक परिवार के अतिरिक्त अन्य महापुरुषों को इतिहास में पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया।
                     
डॉ. सिंह गुरुवार को जयपुर के राजस्थान कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने परिवारवाद की राजनीति के चलते बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित देश के अनेक महापुरुषों का तिरस्कार किया तथा इतिहास में उन्हंे मिटाने का प्रयास किया। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के विचारों, योगदान और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने के लिए कार्य किए गए हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की स्थापना के माध्यम से महापुरुषों को सम्मान दिया गया है। यह भाजपा की उस विचारधारा का प्रतीक है, जिसमें राष्ट्र के महापुरुषों का सम्मान परिवार और वोट की राजनीति से ऊपर है।
                             
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी जब पहली बार संसद पहुंचे, तो उन्होंने संविधान के समक्ष नमन कर देश को यह संदेश दिया कि संविधान ही भारतीय लोकतंत्र और शासन व्यवस्था का केंद्रबिंदु है। वहीं, कांग्रेस आज संविधान की दुहाई देती है, जबकि आपातकाल के दौरान उसी कांग्रेस सरकार ने वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर संविधान और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया था। 42वें एवं 43वें संविधान संशोधन के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं और अधिकारों को प्रभावित किया गया। वर्ष 1977 में मोरारजी देसाई के नेतृत्व वाली सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए।
डॉ. सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के हितों की रक्षा के लिए संवैधानिक प्रावधानों को मजबूत किया। वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। सामाजिक न्याय और समान अवसर की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण तथा राज्यों को अपनी ओबीसी सूची तैयार करने का अधिकार देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय किए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय सम्मान दिलाया। दिल्ली में डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र एवं सर्वाेच्च न्यायालय में भी बाबा साहेब की प्रतिमा की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्श संपूर्ण राष्ट्र की धरोहर है। ऐसे में उनके विचारों, संघर्ष और संविधान निर्माण में योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि देश के महापुरुषों की विरासत को सम्मान और गौरव के साथ भावी पीढ़ियों तक पहुंचाएं।
संविधान की प्रति लेकर घूमने वाली कांग्रेस का इतिहास आपातकाल से कलंकित- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के नेता संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन उनका राजनीतिक इतिहास संविधान की मर्यादाओं के उल्लंघन से भरा हुआ है। कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं और व्यवस्थाओं का उपयोग सत्ता स्वार्थ के लिए किया। वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू कर लोकतंत्र को बंधक बना लिया। नागरिकों के मौलिक अधिकार निलंबित किए गए, विपक्षी नेताओं और लोकतंत्र समर्थकों को जेलों में बंद किया गया तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया। यह भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाकर, झूठे नैरेटिव गढ़कर और जनता के बीच गलतफहमियां पैदा करके कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे लोगों को लगता है कि वे भ्रम का वातावरण फैलाकर सरकार के संकल्पों को कमजोर कर देंगे। लेकिन जो लोग बड़े संकल्प लेकर निकलते हैं, वे ऐसी बाधाओं से नहीं घबराते हैं। उन्होंने कहा कि हम चुनौतियों से डरने वाले नहीं हैं और अपने संकल्पों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। भ्रम का प्रभाव कुछ समय तक रहता है, आखिरकार जीत सत्य की होती है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दुष्प्रचार से विचलित होने वाली नहीं है और इसका जवाब हम अपने कामों से देंगे। राजस्थान की साढ़े आठ करोड़ जनता की आकांक्षाएं हमारी जिम्मेदारी हैं और उनकी पूर्ति करना हमारा सर्वाेच्च दायित्व है। हमारी सरकार न भ्रम से डरेगी, न विरोध से रुकेगी और न ही चुनौतियों के सामने झुकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने 39वें और 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से संविधान की मूल भावना के साथ छेड़छाड़ के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि शाह बानो प्रकरण में सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय के बाद राजीव गांधी सरकार ने कानून में बदलाव कर मुस्लिम महिलाओं को न्याय से वंचित किया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को सम्मान और अधिकारों की सुरक्षा प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को भी अपेक्षित सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस की सरकारों ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की पहल तक नहीं की। वहीं, भाजपा समर्थित सरकार के कार्यकाल में बाबा साहब को देश के सर्वाेच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनके जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। साथ हीं, बाबा साहब की स्मृति में डाक टिकट जारी करने सहित उनकी जयंती 14 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व प्रदान करने जैसी पहल भी की गई हैं।
कांग्रेस ने तुष्टिकरण को बनाया राजनीति का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाने के बजाय कांग्रेस ने हमेशा भ्रम और तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी। आज भी उसकी राजनीति का आधार झूठे नैरेटिव गढ़ना, जनता को गुमराह करना और जनहित के कार्यों में बाधाएं उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता के बीच भ्रम फैलाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान को जन-जन तक पहुंचाने और बाबा साहब के विचारों को सम्मान दिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाने की शुरुआत कर इस तिथि को राष्ट्रीय पहचान दिलाई तथा संविधान के महत्व और उसकी मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।
इससे पहले केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, राव राजेन्द्र सिंह, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, श्रवण सिंह बगड़ी एवं भूपेन्द्र सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर