राजस्थान: राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। यहां बती गुर्जर ने एक ही चुनाव में तीन अलग-अलग तरीके से नामांकन दाखिल किया। पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में घूंघट में पर्चा भरा, फिर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया और आखिर में भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरीं। अंत में बती गुर्जर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं।
कांग्रेस से शुरू हुआ नामांकन का सफर
जानकारी के अनुसार, बती कुमारी अर्जुन ने सबसे पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक वाजिब अली की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान वह घूंघट में नजर आईं। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी अपनी दावेदारी पेश की।
भाजपा नेताओं के साथ पहुंचकर भरा तीसरा पर्चा
चुनावी घटनाक्रम ने उस समय नया मोड़ लिया, जब बती गुर्जर भाजपा नेताओं के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जवाहर सिंह बेढ़म की मौजूदगी में तीसरा नामांकन दाखिल किया। इस तरह एक ही चुनाव में उनके तीन अलग-अलग नामांकन चर्चा का विषय बन गए।
भाजपा से निर्विरोध चुनी गईं प्रधान
नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बृजनगर पंचायत समिति में बती गुर्जर भाजपा की ओर से निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। उनके सामने कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं बचा।
डीग की तीन पंचायत समितियों में भाजपा के निर्विरोध प्रधान
डीग जिले की पांच पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए चुनाव प्रक्रिया हुई। इनमें से तीन पंचायत समितियों में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान चुने गए। बृजनगर में बती गुर्जर, डीग में कमलेश और कुम्हेर में मंगतीराम निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए।





