इंसान लंबे समय से चांद पर स्थायी ठिकाना बनाने का सपना देख रहा है। लेकिन वहां रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक भोजन की व्यवस्था करना है। आखिर कब तक धरती से खाना चांद पर भेजा जाएगा? इसी समस्या का समाधान खोजने के लिए वैज्ञानिक चांद पर ही फसल उगाने की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं। इस दिशा में NASA की मदद से हुई एक नई रिसर्च में बड़ी सफलता मिली है। वैज्ञानिकों ने चांद जैसी मिट्टी में आलू उगाने में कामयाबी हासिल की है।
चांद की मिट्टी में कैसे उगाए गए आलू?
ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने NASA के सहयोग से यह प्रयोग किया। शोधकर्ताओं ने चांद की सतह पर मिलने वाली मिट्टी जैसी कृत्रिम मिट्टी तैयार की। इसे लूनर रेगोलिथ सिमुलेंट कहा जाता है। इसके बाद इसमें अलग-अलग मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट यानी केंचुओं द्वारा तैयार जैविक खाद मिलाई गई।
रिसर्च में आलू की मॉडॉक (Modoc) किस्म का इस्तेमाल किया गया। वैज्ञानिकों ने पाया कि बिना जैविक खाद वाली कृत्रिम चांद की मिट्टी में आलू के पौधों का विकास ठीक से नहीं हुआ। उनकी जड़ें और कंद भी अच्छी तरह विकसित नहीं हो पाए।
30 फीसदी जैविक खाद से मिली बड़ी सफलता
प्रयोग के दौरान वैज्ञानिकों ने मिट्टी में 5 से 30 फीसदी तक वर्मी कम्पोस्ट मिलाकर परीक्षण किया। इसमें 5 फीसदी खाद मिलने पर भी पौधों में कुछ जड़ें और आलू विकसित हुए, लेकिन 30 फीसदी वर्मी कम्पोस्ट वाली मिट्टी में फसल का उत्पादन धरती की मिट्टी में उगाए गए आलू के बराबर पहुंच गया।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, चांद की मिट्टी में नाइट्रोजन जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी होती है। इसके अलावा इसमें कुछ भारी धातुएं भी मौजूद होती हैं, जो पौधों के विकास को प्रभावित कर सकती हैं। जैविक खाद मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और हानिकारक तत्वों के असर को कम करने में मदद करती है।
भविष्य में चांद पर खुद उगाया जा सकेगा खाना
इस रिसर्च का उद्देश्य भविष्य में चांद पर रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भोजन उत्पादन की व्यवस्था तैयार करना है। अगर वहां सब्जियां और दूसरी फसलें उगाना संभव हो जाता है, तो अंतरिक्ष यात्रियों को हर बार धरती से भोजन भेजने पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
वैज्ञानिकों का मानना है कि भविष्य में अंतरिक्ष यात्री खाने के बचे हुए हिस्सों और पौधों के कचरे से जैविक खाद तैयार कर सकते हैं। इससे चांद पर खेती के लिए जरूरी संसाधनों को दोबारा इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है।
हालांकि, यह प्रयोग अभी कृत्रिम चांद की मिट्टी और नियंत्रित ग्रीनहाउस परिस्थितियों में किया गया है। असली चांद की सतह पर खेती करना अभी भविष्य की चुनौती है। इसके लिए कम गुरुत्वाकर्षण, विकिरण, पानी और तापमान जैसी समस्याओं का समाधान भी जरूरी होगा।








