Explore

Search

November 18, 2026 12:03 pm

लेटेस्ट न्यूज़

जयपुर में बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, घर-दुकानें जमींदोज; रोती महिला बोली- जिंदगीभर की कमाई उजाड़ दी

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

Jaipur Bulldozer Action: राजस्थान की राजधानी जयपुर में अतिक्रमण हटाने को लेकर एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई ने माहौल गरमा दिया है। न्यू सांगानेर रोड पर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की टीम ने बुधवार को दूसरे चरण की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान होटल, मकान और दुकानों के अवैध निर्माण हटाए गए। कार्रवाई का विरोध कर रहे व्यापारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं, अपना घर टूटता देख एक महिला भावुक हो गई और रोते हुए प्रशासन के सामने अपना दर्द बयां किया।

80 से ज्यादा मकान-दुकानें कार्रवाई की जद में

न्यू सांगानेर रोड पर गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर करीब 800 मीटर के हिस्से में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में 80 से ज्यादा मकान और दुकानें प्रभावित हो रही हैं। जेडीए की पांच टीमें मौके पर तैनात रहीं। सबसे पहले मेट्रो पिलर नंबर 84 के पास दुकानों के बाहर फुटपाथ पर बनी सीढ़ियां हटाई गईं। इसके बाद सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले अन्य निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया।

रोती महिला बोली- 50 साल पुराना मकान तोड़ रहे

कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों का दर्द भी सामने आया। पिलर नंबर 127 के पास रहने वाली पूनम शर्मा ने बताया कि उनकी दुकान और मकान करीब 50 साल पुराने हैं। परिवार में 21 साल की बेटी और 18 साल का बेटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई के कारण परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने अपना घर और दुकान टूटने पर दुख जताया।

व्यापारियों और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने विरोध जताया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रभावित लोगों का कहना है कि उनकी आजीविका और वर्षों की मेहनत से बनाई गई संपत्ति पर कार्रवाई हो रही है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई कार्रवाई

न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने 16 सितंबर को जेडीए को अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था। मास्टर प्लान के अनुसार इस सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कई जगह यह घटकर 40 से 60 फीट रह गई है।

जेडीए अधिकारियों के मुताबिक, हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना में सड़क सीमा में आने वाले निर्माण हटाए जा रहे हैं। गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर सड़क पर कुल 260 अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़क को निर्धारित चौड़ाई में विकसित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर