Explore

Search

November 16, 2026 6:03 pm

लेटेस्ट न्यूज़

थाईलैंड के टूरिस्ट शहर फुकेट में बड़ा हादसा, 11 लोगों की मौत, 17 घायल; कई इमारतें चपेट में

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

थाईलैंड के मशहूर टूरिस्ट शहर फुकेट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में 11 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तड़के 2 बजे बहुमंजिला इमारत में लगी आग

स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, आग फुकेट के पातोंग इलाके में तड़के करीब 2 बजे एक बहुमंजिला इमारत में लगी। इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोटरसाइकिल किराए पर देने की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोग रहते थे। जिस समय आग लगी, उस वक्त ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक आग और धुएं ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया।

ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद भड़की आग

फुकेट के पुलिस कमांडर सुराचाई सुकसाई के अनुसार, आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग लगने से ठीक पहले इमारत के पास स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ था।

फुकेट के गवर्नर चोदनारिन कोएडसोम ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद दुकान में करीब 100 मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इसके अलावा वहां गैस, इंजन ऑयल, प्लास्टिक का सामान और टायर भी बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। इन ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग तेजी से फैल गई और इमारत में जहरीला धुआं भर गया।

तीसरी और पांचवीं मंजिल से मिले शव

आग से बचने के लिए इमारत में मौजूद लोगों ने ऊपरी मंजिलों की तरफ भागने की कोशिश की, लेकिन धुआं और आग ऊपर तक फैलने के कारण कई लोग वहीं फंस गए। राहत और बचाव दल ने तीसरी मंजिल से एक शव बरामद किया, जबकि पांचवीं मंजिल से 10 लोगों के शव मिले।

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

फुकेट थाईलैंड का बेहद लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। इस भीषण हादसे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर