गोवर्धन (जतीपुरा)। राजस्थान की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं संगीत विरासत को पुनः प्रतिष्ठित करने की दिशा में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित देवस्थान विभाग, राजस्थान के वनबिहारी मंदिर परिसर की कदमखंडी स्थित अष्टछाप के महान संत-कवि एवं संगीतज्ञ अष्टसखा गोविंद स्वामी की ऐतिहासिक बैठक में भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया। ‘कृष्ण सखा गोविंद स्वामी जी – रसिक अनन्यनि को पथ बाँको’ शीर्षक से आयोजित इस विशिष्ट कार्यक्रम में अष्टछाप के महान कवियों के पदों का शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित रागों में भावपूर्ण गायन किया गया। विशेष रूप से अष्टसखा गोविंद स्वामी के चुनिंदा पदों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं एवं संगीतप्रेमियों को भावविभोर कर दिया।

राजस्थान की धरती पर जन्मे कृष्णभक्ति के महान साधक थे गोविंद स्वामी
अष्टसखा गोविंद स्वामी राजस्थान की सांस्कृतिक, कृष्णभक्ति एवं ब्रज परंपरा के महान संवाहक संत-कवि और संगीतज्ञ थे। उनका जन्म राजस्थान के भरतपुर जिले के अटारी गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी विलक्षण काव्य प्रतिभा एवं संगीत साधना के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वैष्णव मान्यता के अनुसार उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के अंतरंग सखा श्रीदामा का अवतार माना जाता है।
ब्रजभाषा में उनके द्वारा रचित 600 से अधिक पद उनकी आध्यात्मिक अनुभूति, काव्य प्रतिभा और अद्भुत संगीत साधना के परिचायक हैं। उनकी रचनाओं में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, स्वरूप सौंदर्य, मधुर भावों और दिव्य लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण चित्रण मिलता है। गोवर्धन की पावन भूमि पर स्थित उनकी बैठक आज भी उनकी साधना और भक्ति परंपरा की अमूल्य स्मृति को संजोए हुए है।

अष्टछाप की परंपरा भारतीय भक्ति साहित्य एवं संगीत की अमूल्य धरोहर
अष्टछाप की परंपरा भारतीय भक्ति साहित्य, संगीत और कृष्णभक्ति की अत्यंत समृद्ध विरासत है। इस परंपरा के आठ महान कवि-संगीतज्ञों को अष्टछाप कहा जाता है। वैष्णव मान्यता के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के अंतरंग सखाओं की भांति कलियुग में श्रीनाथजी की सेवा और लीला-स्मरण के लिए इन महान भक्तों का प्राकट्य हुआ।
महाप्रभु वल्लभाचार्य एवं गोस्वामी विट्ठलनाथ जी ने इन आठ महान कवियों को श्रीनाथजी की अष्टयाम सेवा से जोड़ा। इनमें सूरदास, कुंभनदास, परमानंददास, कृष्णदास, गोविंद स्वामी, नंददास, चतुर्भुजदास एवं छीतस्वामी सम्मिलित हैं। इन कवियों ने अपने पदों, कीर्तनों और संगीत के माध्यम से कृष्णभक्ति को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी रचनाओं ने हिंदी साहित्य के भक्तिकाल को समृद्ध करने के साथ भारतीय संगीत और पुष्टिमार्गीय कीर्तन परंपरा को भी विशिष्ट पहचान प्रदान की।
गोवर्धन पर्वत पर श्रीनाथजी के प्राकट्य एवं उनकी सेवा-पूजा की परंपरा के साथ इन कवियों ने भक्ति, साहित्य और संगीत का ऐसा आध्यात्मिक संगम स्थापित किया, जिसकी गूंज आज भी ब्रजभूमि में सुनाई देती है। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थित इनकी बैठकें इस गौरवशाली परंपरा की जीवंत स्मृतियां हैं।

हवेली संगीत एवं शास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का आयोजन ब्रज संस्कृति संगीत समिति, वृंदावन के तत्वावधान में अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान के सहयोग से किया गया। शास्त्रीय संगीतज्ञ ब्रज रसिक मधुकर जी के संयोजन में आयोजित इस महोत्सव में हवेली संगीत एवं शास्त्रीय गायन की सांगीतिक और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से अष्टछाप की परंपरा को अभिव्यक्ति दी गई।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि गोविंद स्वामी के चुनिंदा पदों का पारंपरिक शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित रागों में सस्वर गायन किया गया। पूरी संगीत मंडली ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से गोविंद स्वामी की भक्ति, काव्य और संगीत साधना को जीवंत कर दिया। पदगायन के दौरान उपस्थित श्रद्धालु कृष्णभक्ति के भाव में सराबोर दिखाई दिए।
उल्लेखनीय है कि अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान अष्टछाप के कवियों, उनके साहित्य, संगीत एवं आध्यात्मिक योगदान पर शोध और अनुसंधान के कार्य में सक्रिय है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भेजा शुभकामना संदेश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भी इस अनूठे आयोजन के लिए शुभकामना संदेश प्रेषित किया गया। कार्यक्रम में अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान के संस्थापक एवं संरक्षक, प्रख्यात भागवताचार्य पंडित योगेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज का मंगलकामना संदेश भी प्राप्त हुआ तथा उनकी टीम ने आयोजन में सहभागिता की।
इस अवसर पर देवस्थान विभाग, राजस्थान के वनबिहारी मंदिर के पुजारी नंदलाल शर्मा ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी का क़दमख़ंडी से विशेष लगाव रहा है । अष्टसखा गोविंद स्वामी जी की वंश परम्परा से जुड़े होने के कारण उनका कई बार यहाँ आगमन हुआ है। आयोजन के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कदमखंडी स्थित गोविंद स्वामी की बैठक में इस प्रकार का विशिष्ट संगीत आयोजन पहली बार हुआ है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को ब्रज की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
पद गायन के इस अवसर पर अष्टसखा गोविंद स्वामी की वंश परंपरा के कीर्तनकार डॉ. भगवान मकरंद (कामवन), जयपुर से वरिष्ठ साहित्यकार रामानंद राठी, डॉ. योगेश कुमार शर्मा, सुशांति फाउंडेशन की संस्थापक राधे राधे पुष्पा जी तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त अष्टछाप साहित्य, ब्रज संस्कृति एवं कृष्णभक्ति में रुचि रखने वाले सैकड़ों श्रद्धालु और भक्तजन भी इस आयोजन के साक्षी बने। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे देश-विदेश के कृष्णभक्त इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सके।
‘अष्टछाप : श्रीकृष्ण के अष्टसखा’ लघु पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण अष्टसखा गोविंद स्वामी शोध संस्थान द्वारा प्रकाशित एवं डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा द्वारा संपादित सुंदर रंगीन लघु पुस्तिका ‘अष्टछाप : श्रीकृष्ण के अष्टसखा’ का विमोचन रहा। इस पुस्तिका का श्रद्धालुओं को निःशुल्क वितरण किया गया।
पुस्तिका में अष्टछाप के आठों महान कवियों के जीवन, भक्ति, साहित्यिक योगदान एवं श्रीनाथजी की सेवा परंपरा का परिचय प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अष्टसखाओं की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है ।








