िल्म ‘फाइटर’ में अज़हर अख्तर का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीतने से लेकर ‘नागबंधम’ में अली और अब्दाली के दोहरे किरदार के लिए तारीफें बटोरने तक, ऋषभ साहनी ने एक अभिनेता के तौर पर अपनी प्रतिभा साबित की है। हाल ही में उन्होंने न्यूयॉर्क फैशन वीक में शोस्टॉपर बनकर अंतरराष्ट्रीय फैशन मंच पर भी अपनी पहचान बनाई। अपने शानदार अभिनय करियर के अलावा, ऋषभ की निजी जिंदगी का सफर, खासकर उनका फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन भी काफी प्रेरणादायक है।
अपने इस बदलाव के बारे में बात करते हुए, जिसने न सिर्फ उनकी शारीरिक बनावट बल्कि जिंदगी को देखने का नजरिया भी बदल दिया, ऋषभ ने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया, “मुझे लगता है कि मैंने अपनी जिंदगी में तीन अलग-अलग जिंदगियां जी हैं। जब मैंने 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी, तब मेरा वजन 120 किलो था। इसके बाद मैं तमिलनाडु के वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने गया। मैं जुलाई 2010 में 18 साल की उम्र में वहां पहुंचा था और जनवरी 2011 तक मेरा करीब 60 किलो वजन कम हो चुका था। यानी मैंने सिर्फ छह महीने में 60 किलो वजन घटाया था।
ऐसा नहीं था कि मैंने जानबूझकर वजन कम करने का फैसला किया था। बचपन से ही मुझे पता था कि मुझे फिट होना है, क्योंकि लोग मेरे वजन को लेकर मेरा मजाक उड़ाते थे और मुझे परेशान करते थे। इन बातों का मुझ पर असर भी होता था, लेकिन मैं खुद को दूसरी चीजों में व्यस्त रखता था। मुझे कभी एहसास ही नहीं हुआ कि इन बातों का मुझ पर कितना असर पड़ रहा था।
मुझे पता था कि फिट होने से जिंदगी में किसी न किसी तरह फायदा जरूर होगा। लेकिन वेल्लोर (VIT) में यह सब अचानक हो गया। कॉलेज के पहले दिन मैं मेस में खाना खाने गया और वहां का खाना खाने के बाद मुझे फूड पॉइजनिंग हो गई। मुझे 10 दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ा। इसके बाद मेरा वजन कम होने लगा और मैंने मेस में खाना न खाने का फैसला किया।
पहले सेमेस्टर के दौरान मैं पूरे दिन में सिर्फ मैगी का एक पैकेट खाता था। मैं किसी को भी ऐसा करने की सलाह नहीं दूंगा, क्योंकि यह सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक है। लेकिन यहीं से मेरे बदलाव की शुरुआत हुई।”
अपनी निजी चुनौतियों से लेकर मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाने तक, ऋषभ का सफर बताता है कि मजबूत इरादों और लगातार मेहनत से इंसान कितना आगे बढ़ सकता है। कई उपलब्धियां हासिल करने और दिलचस्प प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ऋषभ साहनी अपने करियर में आगे कौन-से नए मुकाम हासिल करते हैं








