कंपनी के 11 सदस्यीय बोर्ड में से छह निदेशक बहुमत के आधार पर हुआंग को पद से हटा सकते हैं। इसके लिए किसी विशेष कारण का होना भी जरूरी नहीं है। उनके जाने की स्थिति में नए CEO को ऐसी कंपनी की कमान संभालनी होगी, जो दुनिया के बड़े AI प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल होने वाली करीब 90 प्रतिशत चिप्स की आपूर्ति करती है। इस घटनाक्रम के बीच निवेशकों ने यह आकलन करना शुरू कर दिया है कि Nvidia के हटने या कमजोर पड़ने से उसकी किन प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को फायदा हो सकता है।
क्या है जेनसन हुआंग पर लगे आरोपों का मामला?
पिछले महीने सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया था कि हुआंग का चीन की एक नागरिक महिला के साथ करीबी संबंध था। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि वह महिला बीजिंग के लिए खुफिया जानकारी जुटा रही थी। बताया गया कि बाद में वह सिंगापुर स्थित एक डेटा सेंटर कंपनी में शीर्ष पद पर पहुंच गई। यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में Nvidia के सबसे बड़े ग्राहकों में शामिल है। हालांकि, चीन ने जासूसी से जुड़े इन आरोपों को खारिज किया है।
Nvidia के बोर्ड ने 8 नवंबर को इस मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की थी। कंपनी ने साथ ही कहा था कि उसे जेनसन हुआंग और उनकी नेतृत्व टीम पर भरोसा है। इसी दिन हुआंग ने कर्मचारियों को बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की है और इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं।
इस सप्ताह मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया कि हुआंग के संबंध Nvidia की एक वरिष्ठ अधिकारी से भी थे, जो सीधे उन्हें रिपोर्ट करती थीं। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। Nvidia और संबंधित अधिकारी ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इन खबरों के सामने आने के बाद कंपनी के शेयर आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में 8 प्रतिशत से अधिक गिर गए।
बोर्ड किस तरह CEO पद से हटा सकता है?
Nvidia के कंपनी नियमों के मुताबिक, निदेशक मंडल किसी भी अधिकारी को कभी भी, कारण बताते हुए या बिना कारण बताए, पद से हटा सकता है। इसके लिए कार्यरत निदेशकों के बहुमत का समर्थन जरूरी है। 11 सदस्यों वाले बोर्ड में छह वोट मिलने पर यह फैसला लिया जा सकता है।
निदेशक मंडल बैठक किए बिना भी यह निर्णय ले सकता है, बशर्ते सभी निदेशक लिखित सहमति पर हस्ताक्षर करें। इसके अलावा बोर्ड के कोई भी दो सदस्य 24 घंटे का नोटिस देकर विशेष बैठक बुला सकते हैं।
हुआंग कंपनी में दो पदों पर हैं—प्रेसिडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO)। कंपनी के नियमों के अनुसार, प्रेसिडेंट ही CEO होता है, जब तक कि बोर्ड किसी दूसरे व्यक्ति को यह जिम्मेदारी न सौंप दे। इसलिए उन्हें हटाने के लिए दोनों पदों पर फैसला लेना होगा।
Nvidia की आचार संहिता में व्यक्तिगत संबंधों को भी हितों के टकराव की संभावित स्थिति माना गया है। कंपनी की नीति के मुताबिक, गड़बड़ी या अनुचित आचरण की शिकायतों की तुरंत जांच की जाती है। कई कंपनियों में वरिष्ठ अधिकारियों के अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के साथ संबंधों पर रोक लगाने के नियम भी हैं।
हालांकि, CEO पद गंवाने से हुआंग का बोर्ड में स्थान अपने आप खत्म नहीं होगा। कंपनी के नियमों के मुताबिक, किसी निदेशक को हटाने का अधिकार शेयरधारकों के पास है। इसके लिए कारण होने पर मतदान अधिकारों के बहुमत और बिना कारण हटाने की स्थिति में दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है।
हुआंग के पास Nvidia के कुल शेयरों का 3.56 प्रतिशत हिस्सा है। वह कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं, लेकिन यह हिस्सेदारी किसी भी संभावित मतदान को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। यदि वह खुद इस्तीफा नहीं देते या शेयरधारक उन्हें नहीं हटाते, तो CEO पद से हटने के बाद भी वह बोर्ड सदस्य और कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक बने रह सकते हैं।
कौन-कौन से निदेशक करेंगे फैसला?
Nvidia के 11 निदेशकों में से 10 स्वतंत्र निदेशक हैं। यानी वे कंपनी के कार्यकारी अधिकारी नहीं हैं। बोर्ड के सबसे वरिष्ठ स्वतंत्र सदस्य 77 वर्षीय स्टीफन नील हैं। वह लॉ फर्म कूली के चेयरमैन एमेरिटस हैं और बोर्ड की नामांकन एवं गवर्नेंस समिति का नेतृत्व करते हैं।
हुआंग के खिलाफ चल रही जांच की निगरानी स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति कर रही है। 10 नवंबर को इस समिति ने जांच की जिम्मेदारी जॉन एच. किम को सौंपी। किम न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी रह चुके हैं। उनकी लॉ फर्म वॉचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज इस जांच को अंजाम दे रही है।
बोर्ड के कई सदस्य दशकों से हुआंग के साथ काम कर रहे हैं। वेंचर कैपिटल फर्म सटर हिल वेंचर्स के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर टेंच कॉक्स और स्क्वायर वेव वेंचर्स के मैनेजिंग पार्टनर हार्वे जोन्स 1993 में Nvidia की स्थापना के समय से बोर्ड में हैं। न्यू एंटरप्राइज एसोसिएट्स के वेंचर पार्टनर ब्रुक सीवेल 1997 में बोर्ड से जुड़े थे। वह ऑडिट कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। गोल्डमैन सैक्स की पूर्व वाइस चेयरमैन सुजैन नोरा जॉनसन जुलाई में बोर्ड में शामिल हुई थीं और वह इसकी सबसे नई सदस्य हैं।
हुआंग की जगह कौन संभाल सकता है कंपनी की कमान?
जेनसन हुआंग के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर फिलहाल कोई एक स्पष्ट नाम सामने नहीं आया है। कंपनी में उनके अधीन दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी काम करते हैं। उनके परिवार के सदस्य भी Nvidia में महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड संभावित उत्तराधिकारियों की पहचान के लिए एक बाहरी फर्म की मदद ले रहा है।
Nvidia की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO के तौर पर स्वाभाविक विकल्प माना जा रहा है। वह एक दशक से अधिक समय से कंपनी के वित्तीय मामलों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। Nvidia में निवेश करने वाली मिनोटॉर कैपिटल की सह-संस्थापक और पोर्टफोलियो मैनेजर अरमिना रोसेनबर्ग के मुताबिक, असली सवाल यह होगा कि लंबे समय तक कंपनी की तकनीकी रणनीति और उत्पाद विकास की दिशा कौन तय करेगा।
संभावित उत्तराधिकारियों में Nvidia के डेटा सेंटर कारोबार का नेतृत्व करने वाले इयान बक का नाम भी शामिल है। ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म पॉलीमार्केट पर 11 नवंबर को उन्हें संभावित दावेदारों में सबसे आगे माना जा रहा था। बताया जाता है कि Nvidia की चिप्स की मांग बढ़ाने वाले सॉफ्टवेयर के विकास में उनकी अहम भूमिका रही है।
हुआंग के दो बच्चों के नाम भी संभावित उत्तराधिकारियों के तौर पर चर्चा में हैं। उनकी बेटी मैडिसन हुआंग Nvidia में प्रोडक्ट मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर हैं, जबकि बेटा स्पेंसर हुआंग कंपनी के रोबोटिक्स डिवीजन में प्रोडक्ट मैनेजमेंट डायरेक्टर है।
कंपनी के बाहर से भी कुछ नाम सामने आए हैं। इनमें Nvidia की प्रतिद्वंद्वी कंपनी AMD की लंबे समय से CEO रहीं लिसा सु और ब्रिटिश चिप डिजाइनर कंपनी Arm के प्रमुख रेने हास शामिल हैं। लिसा सु और जेनसन हुआंग दूर के रिश्तेदार भी हैं। इसके अलावा सिलिकॉन वैली के कुछ लोगों ने एप्पल के पूर्व CEO टिम कुक का नाम भी संभावित विकल्प के रूप में लिया है। कुक ने अगस्त में 15 साल बाद एप्पल के CEO पद से इस्तीफा दिया था।
Nvidia के कारोबार पर क्या पड़ेगा असर?
जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद के बीच Nvidia के शेयरों में बड़ी गिरावट आई है। अक्टूबर की शुरुआत में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद से कंपनी के शेयर करीब एक-तिहाई नीचे आ चुके हैं। इससे कंपनी के बाजार मूल्य में 1.5 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की कमी आई है। बोर्ड की जांच की घोषणा के बाद बुधवार के आफ्टर-आवर्स कारोबार में आई गिरावट बरकरार रहती है तो कंपनी के बाजार मूल्य से करीब 600 अरब डॉलर और कम हो सकते हैं।
कंपनी 17 नवंबर को अपने तिमाही नतीजे घोषित करेगी। विश्लेषकों को उम्मीद है कि इस साल Nvidia का मुनाफा 200 अरब डॉलर से काफी अधिक रहेगा।
निवेशकों और बाजार विश्लेषकों का मानना है कि निकट भविष्य में Nvidia की चिप्स की मांग में गिरावट आने की संभावना कम है। हालांकि, कंपनी ने जिन दूसरी कंपनियों को आर्थिक मदद दी है, उन्हें लेकर जोखिम बढ़ सकता है। इनमें बड़ी संख्या उन कंपनियों की है, जो Nvidia की चिप्स का इस्तेमाल करने के लिए डेटा सेंटर बना रही हैं।
सिंगापुर की वैंटेज पॉइंट एसेट मैनेजमेंट के मुख्य निवेश अधिकारी निक फेरेस के मुताबिक, Nvidia अपने ग्राहकों को वित्तीय मदद भी दे रही है। तेजी से बढ़ते कारोबार या संभावित बुलबुले के दौर में कभी-कभी विकास की रफ्तार धीमी होना ही बाजार को तेजी से गिरावट की ओर धकेल सकता है।
हुआंग के उत्तराधिकारी के कंपनी को अपेक्षाकृत सतर्क तरीके से चलाने की संभावना जताई जा रही है। ब्लूमबर्ग इंटेलिजेंस के ग्लोबल हेड ऑफ टेक्नोलॉजी रिसर्च मंदीप सिंह के मुताबिक, नए नेतृत्व में Nvidia के अगले दो-तीन साल में लक्ष्य तय करने और उन्हें पार करने का आक्रामक रवैया कम हो सकता है।
Nvidia के कमजोर पड़ने से किन कंपनियों को होगा फायदा?
हुआंग के संभावित रूप से पद छोड़ने की खबरों के बीच निवेशकों ने उन कंपनियों के शेयर खरीदने शुरू कर दिए, जिन्हें Nvidia की कमजोर स्थिति से फायदा मिल सकता है। AI चिप बाजार में उसकी सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी AMD के शेयर बुधवार को आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में 4 प्रतिशत चढ़ गए। कस्टम AI चिप्स और नेटवर्किंग उपकरणों के कारोबार में तेजी से अपनी भूमिका बढ़ा रही ब्रॉडकॉम के शेयरों में भी 3 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां भी अपने स्तर पर AI चिप्स तैयार कर रही हैं। गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट (TPU) बनाती है। ये चिप्स खास तौर पर AI के काम के लिए डिजाइन की गई हैं। इसके विपरीत Nvidia के ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) बहुउद्देश्यीय चिप्स हैं, जिन्हें मूल रूप से गेमिंग के लिए विकसित किया गया था।
विश्लेषकों के मुताबिक, AMD, गूगल की TPU और अमेजन जैसी कंपनियों को उस बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का अवसर मिल सकता है, जहां अभी Nvidia का दबदबा है।
इसका असर एशियाई बाजारों में भी दिखाई दिया। गुरुवार को ताइवान की कस्टम चिप डिजाइन करने वाली कंपनियों अलचिप टेक्नोलॉजीज और ग्लोबल यूनिचिप के शेयर 8 प्रतिशत से अधिक उछल गए।
मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनियों पर Nvidia का प्रभाव अलग-अलग स्तर का है। ब्लूमबर्ग के सप्लाई चेन आंकड़ों के अनुसार, SK Hynix के कुल राजस्व का करीब 27 प्रतिशत Nvidia से आता है, जबकि Samsung Electronics के राजस्व में Nvidia की हिस्सेदारी केवल 0.3 प्रतिशत है।
फिबोनाची एसेट मैनेजमेंट ग्लोबल के CEO जंग इन यून के मुताबिक, Nvidia में नया प्रबंधन आने पर कंपनी अपने सप्लायर्स की समीक्षा कर सकता है। इससे सैमसंग को हाई-बैंडविड्थ मेमोरी चिप्स के अधिक ऑर्डर हासिल करने का अवसर मिल सकता है। ये स्टैक्ड चिप्स AI प्रोसेसर तक डेटा पहुंचाने का काम करती हैं।
हालांकि, फ्लडलाइन्स रिसर्च की संस्थापक और निवेश रणनीतिकार एना वू ने आगाह किया है कि TPU हर तरह के काम में GPU की जगह नहीं ले सकतीं। Nvidia से दूसरे विकल्पों की ओर AI का काम स्थानांतरित करना भी धीमी और महंगी प्रक्रिया होगी।
अमेरिका-चीन के रिश्तों पर भी पड़ सकता है असर
जेनसन हुआंग उन प्रमुख अमेरिकी टेक्नोलॉजी अधिकारियों में रहे हैं, जो चीन के साथ कारोबारी संबंध बनाए रखने और चिप निर्यात पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने की वकालत करते रहे हैं।
ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स के जियोइकॉनॉमिक्स टेक्नोलॉजी विश्लेषक माइकल डेंग के मुताबिक, हुआंग के पद छोड़ने से चिप और AI सिस्टम के क्षेत्र में Nvidia की बढ़त बनाए रखने की क्षमता कमजोर हो सकती है। इससे चीन को चिप निर्यात पर सख्त अमेरिकी नियंत्रण का विरोध करने वाली इंडस्ट्री की सबसे प्रभावशाली आवाज भी कमजोर पड़ जाएगी।
इस विवाद से उन अमेरिकी सांसदों को भी अपनी मांग के समर्थन में नया आधार मिल गया है, जो चीन पर तकनीकी प्रतिबंध और कड़े करना चाहते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीन के शेनझेन जाने वाले हैं। इस सम्मेलन की मेजबानी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग कर रहे हैं।
अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव कम करने के लिए हुआ समझौता 10 जनवरी तक लागू है। इसे आगे बढ़ाने का फैसला काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि वॉशिंगटन चीन को तकनीक की बिक्री पर नए प्रतिबंध लगाने से परहेज करता है या नहीं।
इसी बीच अमेरिकी कांग्रेस में चिप सिक्योरिटी एक्ट को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत कंपनियों को सप्लाई चेन में उन्नत प्रोसेसर की भौतिक आवाजाही पर नजर रखनी होगी। सख्त नियमों से चीन की उन चिप निर्माता कंपनियों को फायदा मिल सकता है, जो अपने घरेलू बाजार में Nvidia की जगह लेने की कोशिश कर रही हैं। इनमें कैमब्रिकॉन टेक्नोलॉजीज और हाइगॉन इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं।








