नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बनासकांठा और एकता नगर में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत करीब 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे और दो रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा, वह एकता नगर में भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे और नर्मदा आरती में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत 30 अक्टूबर को बनासकांठा से होगी। सुबह करीब 9:30 बजे वह भ्रूण प्रत्यारोपण प्रौद्योगिकी एवं इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) प्रयोगशाला तथा भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का दौरा करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इस दौरान किसानों के खातों में पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री दो रेल सेवाओं को भी रवाना करेंगे और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
बनासकांठा में पशुपालन और कृषि क्षेत्र की परियोजनाओं पर रहेगा जोर
प्रधानमंत्री बनासकांठा के भिलड़ी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 127 एकड़ में फैला यह केंद्र पशुओं की नस्ल सुधारने, आनुवंशिक गुणवत्ता बढ़ाने और आधुनिक प्रजनन तकनीकों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थापित किया गया है। यह केंद्र विशेष रूप से कांकरेज नस्ल के पशुओं के लिए देश की पहली ऐसी सुविधा होगी।
इसके अलावा, बनास डेयरी के थराद और राधनपुर में दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी जाएगी। इन संयंत्रों में प्रतिदिन क्रमशः 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन गोबर के प्रसंस्करण की क्षमता होगी।
प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरी हो चुकी 521 परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर लगभग 4,950 करोड़ रुपये की कुल लागत आई है। इनमें कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, साइलो, ग्रीनहाउस और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही सानादर में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार का उद्घाटन और पालनपुर में अल्ट्रा-हाई-टेम्परेचर उत्पादों के लिए स्वचालित भंडारण प्रणाली की शुरुआत की जाएगी।
अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार का शिलान्यास
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2A और फेज-2B का शिलान्यास भी करेंगे। फेज-2A के तहत कोटेश्वर रोड से हवाई अड्डे तक छह किलोमीटर से अधिक लंबा मार्ग विकसित किया जाएगा, जिसमें पांच स्टेशन होंगे। वहीं, फेज-2B में गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से अधिक लंबा मार्ग और तीन स्टेशन प्रस्तावित हैं।
इसके अतिरिक्त, अहमदाबाद-मेहसाणा राजमार्ग को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड करने की परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। इस पर लगभग 2,600 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना का उद्देश्य अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच आवागमन को अधिक सुगम बनाना है।
प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे और तैयार हो चुके 361 केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। लगभग 800 करोड़ रुपये की इस पहल से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
दो नई रेल सेवाओं में अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बहुचराजी-साबरमती मेमू सेवा शामिल हैं।
एकता नगर में भारत पर्व 2026 का उद्घाटन
30 अक्टूबर की शाम प्रधानमंत्री एकता नगर, केवड़िया पहुंचेंगे। यहां शाम करीब पांच बजे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 7:45 बजे एकता प्रकाश पर्व में शामिल होंगे और रात करीब 8:15 बजे नर्मदा आरती में भाग लेंगे।
भारत पर्व का आयोजन देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की लोककलाओं, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा।
एकता प्रकाश पर्व के तहत भी विशेष रोशनी और सजावट की व्यवस्था की गई है। इसमें 530 मीटर लंबी वैली ऑफ फ्लावर्स रोड पर प्राचीन भारत से आधुनिक भारत तक की यात्रा को दर्शाने वाली रोशनी और 180 मीटर लंबी ग्लो टनल प्रमुख आकर्षण होंगे। इन प्रस्तुतियों में देश की सांस्कृतिक विविधता, स्थापत्य, लोकनृत्य और परंपराओं को दिखाया जाएगा।
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस
31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में सीवेज और जल उपचार संयंत्र, नर्मदा घाट का उन्नयन, आईआरसीटीसी होटल तथा रेनफॉरेस्ट, यूनिटी और इको ट्रेल जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री वामन वृक्ष वाटिका और रेनफॉरेस्ट का भी दौरा करेंगे।
शाम करीब 5:30 बजे वह सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम में सुरक्षा बलों की परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न राज्यों की झांकियां शामिल होंगी। इस वर्ष समारोह की प्रमुख विषयवस्तु ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है। परेड में वामपंथी उग्रवाद से निपटने में सुरक्षा बलों की भूमिका और प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास से जुड़े प्रयासों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।








