पिछले कुछ सालों से मोबाइल मार्केट जबरदस्त तरीके से आबाद है। खास तौर से युवाओं ने इस गैजेट को हिट कर रखा है। वे लगातार अपडेट रहना चाहते हैं। ऐसे में कंपनियां भी उन्हें लुभाने का कोई मौका नहीं छोड़ती और उनके लिए नए-नए मॉडल पेश करती रहती हैं। फिलहाल हम बात कर रहे हैं ओप्पो की। कंपनी ने अब OPPO Find X10 Pro Max 5G को दुनिया के सबसे पावरफुल कैमरा सेटअप के साथ ग्लोबल मार्केट में उतारा है। इसमें दुनिया का पहला ट्रिपल 200MP कैमरा सिस्टम है। बैक पैनल पर 200MP का प्राइमरी वाइड-एंगल लेंस, 200MP का अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस और 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस है। यह कैमरा सेटअप हैसलब्लैड इमेजिंग कलर ट्यूनिंग और लूमो ट्रू इमेज इंजन के साथ आता है। वीडियो क्रिएटर्स के लिए यह 8K 30fps और 4K 120fps वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 50MP का कैमरा है।
इसलिए होती है बैटरी की कम खपत
बता दें कि ओप्पो का यह फ्लैगशिप स्मार्टफोन मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9600 प्रो चिपसेट पर काम करता है। कंपनी ने इसे 2nm प्रोसेस पर तैयार किया है। यह बेहतरीन परफॉर्मेंस देता है, जिससे बैटरी की कम खपत होती है। गेमिंग और मल्टीटास्किंग को स्मूथ बनाने के लिए इसमें Arm C2 CPU, Mali-G2 Ultra NX GPU और एडवांस्ड AI NPU दिया गया है। कंपनी दावा कर रही है कि फोन हेवी गेमिंग के दौरान बिल्कुल लैग नहीं करेगा।
दिल जीत लेगा डिस्प्ले
अब फोन के डिस्प्ले पर नजर डालते हैं। कंपनी ने OPPO Find X10 Pro Max 5G में 6.78 इंच का 1.5K LTPO OLED डिस्प्ले दिया है। यह स्क्रीन 144Hz रिफ्रेश रेट और 3600 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है। इसके बेजल्स सिर्फ 1.15mm पतले हैं, जिससे प्रीमियम व्यूइंग एक्सपीरियंस मिलता है। मोबाइल थामने पर बेहतरीन फील देता है और इसका डिस्प्ले सेगमेंट में सबसे शानदार माना जा रहा है।
1 घंटे से भी कम समय में हो जाता है फुल चार्ज
ओप्पो ने इसमें पावर बैकअप के लिए दमदार बैटरी दी है। अलग-अलग बाजार के हिसाब से इसकी बैटरी कैपेसिटी बदल जाती है। यूरोपियन मार्केट में यह फोन 7150mAh और एशियन मार्केट में 8000mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी के साथ आता है। यह फोन 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इसे 60 मिनट से भी कम समय में फुल चार्ज किया जा सकता है, जो पूरे दिन का बैकअप आराम से दे देता है।
करता है इस ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम
यह लेटेस्ट एंड्रॉयड 17 पर आधारित ColorOS 17 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।
इसमें कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 7, ब्लूटूथ 6.2, NFC और eSIM का सपोर्ट मिलता है। फोन में IP66, IP68 और IP69 रेटिंग, 3D अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर, इन्फ्रारेड ब्लास्टर, एक्शन बटन (शॉर्टकट की), USB Type-C 3.2 Gen 1 और बायोनिक वाइब्रेशन मोटर प्रो जैसे लुभावने फीचर्स भी मौजूद हैं।
ये है कीमत और डिजाइन
यूरोपियन मार्केट में फोन के 512GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत €1,800 (करीब 1,60,000 रुपए) रखी गई है। यूके मार्केट में यह £1,500 में मिलेगा। डिजाइन पर नजर डालें तो यह फोन टाइटेनियम ग्रे और डुअल-टोन लूना व्हाइट कलर में आता है। इसकी मोटाई 8.4mm है। लूना व्हाइट वेरिएंट का वजन 233 ग्राम और टाइटेनियम ग्रे का वजन 235 ग्राम है।








