Explore

Search

October 22, 2026 6:57 pm

लेटेस्ट न्यूज़

रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल किया यह खास मुकाम, ऐसे टॉप-5 में भी आए

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

गकेबरहा। दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी तीन मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में अपने दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की कमी खली थी। रबाडा कई सालों से टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। हालांकि दूसरे टेस्ट में रबाडा के लौटने से मेजबान टीम ने राहत की सांस ली। रबाडा ने टेस्ट के चौथे दिन एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। रबाडा घरेलू धरती पर 200 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने वाले चौथे अफ्रीका बॉलर बन गए हैं। इस साल आईपीएल के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने वाले रबाडा ने पहली पारी में 12 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए। रबाडा ने निक मेडिंसन और मिचेल स्टार्क को अपना शिकार बनाया।

घर में 200 से ज्यादा टेस्ट विकेट झटकने वाले चौथे पेसर

इसके साथ ही रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका में 38वें टेस्ट में 200 विकेट पूरे कर लिए। उनका 20.06 का शानदार औसत है। इस दौरान उन्होंने 10 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा और मैच में 4 दफा 10 या उससे ज्यादा विकेट निकाले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ एनालिसिस 112 रन देकर 7 विकेट है। टेस्ट में विकेटों का दोहरा शतक लगा रबाडा ने डेल स्टेन, मखाया एंटिनी और शॉन पोलक जैसे दिग्गज गेंदबाजों के क्लब में एंट्री कर ली। दक्षिण अफ्रीकी धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड स्टेन के नाम है। उन्होंने घर पर 261 विकेट झटके हैं। इसके बाद दूसरे पायदान पर एंटिनी (249) हैं।

रबाडा ने किया रफ्तार से हैरान

इसके अलावा मैच में रबाडा ने अपनी रफ्तार वाली गेंदबाजी से सबको हैरान कर दिया। रबाडा ने 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक दिखा दिया कि कोई उन्हें कम आंकने की भूल नहीं करे। रबाडा ने लगभग 155 KPH की स्पीड से गेंद फेंकी, जिस पर बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर ट्रेविस हेड पूरी तरह से बीट हो गए। इसके साथ ही रबाडा टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप 5 में जगह बनाने में सफल हो गए। रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के नाम है। स्टार्क ने साल 2015 में पर्थ के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 160.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के एंडी रॉबर्ट्स (159.5 किमी/घंटा), तीसरे पर इंडीज के ही फिडेल एडवर्ड्स (157.7 किमी/घंटा), चौथे पर ऑस्ट्रेलिया के मिशेल जॉनसन (156.8 किमी/घंटा) और पांचवें पर रबाडा हैं।

74 टेस्ट में झटक चुके हैं 342 विकेट

रबाडा मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार किए जाते हैं। उन्होंने अपने अब तक के करिअर में कुल 74 टेस्ट में 342 विकेट चटकाए हैं। उनका औसत 22.01 है। उन्होंने पारी में 17 बार 5 और मैच में 4 दफा 10 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। रबाडा का बेस्ट एनालिसिस 112 रन पर 7 विकेट है। रबाडा टेस्ट इतिहास में दक्षिण अफ्रीका के चौथे सबसे सफल गेंदबाज हैं।

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर