लखनऊ। शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की नागपुर से गिरफ्तारी के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि अगर इस मामले की सही तरीके से पड़ताल की जाए, तो कई बड़े चेहरे और अधिकारियों के नाम बेनकाब हो सकते हैं।
अखिलेश यादव ने काकोरी में मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया और कई गंभीर मुद्दों पर बयान दिए।
श्रद्धा दुबे मामले पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोग श्रद्धा और आस्था दोनों से खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा दुबे पर कार्रवाई केवल सरकार को बचाने के लिए की जा रही है, ठीक उसी तरह जैसे बिकरू कांड के दौरान विकास दुबे की कार पलटाकर सरकार को बचाया गया था। उन्होंने एलडीए में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
शिक्षक और स्नातक निर्वाचन चुनावों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, अधिकारी अपनी निष्पक्ष भूमिका निभाएं, किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम न करें। डीआईओएस और बीएसए द्वारा शिक्षकों को फोन पर धमकाने के मामले सामने आ रहे हैं। पर्याप्त सबूत होने पर यही कृत्य अधिकारियों को जेल भेजने का आधार बनेगा। सरकार बदलने पर शिक्षा विभाग में मची लूट में लिप्त लोगों का जेल जाना तय है।
अखिलेश ने चुनाव आयोग से मांग की कि वह यह सुनिश्चित करे कि चुनावों में कोई हेराफेरी न हो और चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष हों।
वोटर लिस्ट लीक और भाजपा पर धांधली के आरोप
सपा प्रमुख ने दावा किया कि आम जनता के पास वोटर लिस्ट नहीं है, लेकिन भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के पास पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों द्वारा वॉयस कॉलिंग के जरिए जो संपर्क किया जा रहा है, वह बिना डेटा हासिल किए संभव नहीं है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि उनके पास अयोध्या-फैजाबाद चुनावों के साथ-साथ वॉयस कॉलिंग के भी रिकॉर्ड मौजूद हैं।
विधानसभावार सपा के घोषित उम्मीदवार
अखिलेश यादव ने आगामी शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए समाजवादी पार्टी के निम्नलिखित उम्मीदवारों की घोषणा की और जनता से उनकी जीत की अपील की:
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र:
आगरा-अलीगढ़ खंड: शशांक यादव
लखनऊ खंड: कांति सिंह
इलाहाबाद-झांसी खंड: डॉ. मान सिंह
वाराणसी-मिर्जापुर खंड: आशुतोष सिन्हा
मेरठ-सहारनपुर खंड: प्रमेंद्र सिंह
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र:
आगरा-अलीगढ़ खंड: डॉ. आकाश अग्रवाल
लखनऊ खंड: सुशील पटेल
गोरखपुर-फैजाबाद खंड: डॉ. संजयन त्रिपाठी
बरेली-मुरादाबाद खंड: हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर
वाराणसी-मिर्जापुर खंड: लाल बिहारी यादव
मेरठ-गाजियाबाद खंड: नितिन तोमर








