नई दिल्ली। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के अध्यक्ष मिथुन मंहस ने आगामी 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दिग्गजों में शुमार रोहित शर्मा और विराट कोहली का वर्ल्ड कप टीम में चयन उनकी उम्र के आधार पर नहीं, बल्कि मैदान पर उनके प्रदर्शन और फिटनेस के दम पर होगा।
न्यूजीलैंड दौरे से ठीक पहले स्पोर्ट्सस्टार (स्श्चशह्म्ह्लह्यह्लड्डह्म्) को दिए एक इंटरव्यू में बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ‘मेरी नजर में चयन का एकमात्र पैमाना फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए, उम्र बिल्कुल नहीं। अगर कोई खिलाड़ी पूरी तरह फिट है, लगातार रन बना रहा है और देश को मैच जिता रहा है, तो चयन के लिए केवल इसी बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए। ‘
2027 वर्ल्ड कप में कितनी होगी दोनों दिग्गजों की उम्र?
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में अक्टूबर-नवंबर 2027 में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप के दौरान रोहित शर्मा 40 वर्ष के हो जाएंगे, वहीं विराट कोहली की उम्र 38 वर्ष होगी। दोनों खिलाड़ी पिछले 24 महीनों के भीतर टी20आई और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब अपनी अंतिम वनडे वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने की उम्मीद कर रहे हैं।
कप्तान शुभमन गिल को मिलेगा सीनियर्स का मार्गदर्शन
बीसीसीआई अध्यक्ष ने भारतीय टीम में बदलाव के दौर पर बात करते हुए कहा कि शुभमन गिल की कप्तानी में रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी खिलाडिय़ों की मौजूदगी टीम के लिए वरदान साबित होगी।
उन्होंने इसकी तुलना पूर्व भारतीय कप्तानों से करते हुए कहा कि जिस तरह सौरव गांगुली के साथ एमएस धोनी और धोनी की कप्तानी में विराट कोहली ने काफी कुछ सीखा, ठीक उसी तरह शुभमन गिल को भी इन दिग्गज खिलाडिय़ों के अनुभव का पूरा फायदा मिलेगा। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज बॉलिंग यूनिट की कमान संभालकर कप्तान का बोझ हल्का कर सकते हैं।
न्यूजीलैंड दौरे पर रहेगी नजरें
भारतीय टीम 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की शुरुआत कर रही है, जिसमें 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। 4 से 15 नवंबर के बीच होने वाली इस वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी होंगी।








