Explore

Search

October 25, 2026 5:22 pm

लेटेस्ट न्यूज़

धौलपुर में एनडीपीएस का शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार, 1.30 करोड़ के गांजे के साथ हुआ था गिरफ्तार

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

धौलपुर । राजस्थान के धौलपुर जिले में दिहोली थाना पुलिस की कस्टडी से एनडीपीएस एक्ट का एक शातिर आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी को पीसी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। इस घटना के सामने आते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, हालांकि अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और लापरवाही बरतने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात एनएच-44 पर बगचोली खार गांव के पास मनिया थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। पुलिस ने आंध्र प्रदेश निवासी दो तस्करों श्रीनिवास और जेडम अमर चैतन्य को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये कीमत का 2 क्विंटल 61 किलो गांजा बरामद किया था। यह खेप आंध्र प्रदेश से राजस्थान लाई जा रही थी। मामले में दूसरे आरोपी जेडम अमर चैतन्य को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था, जबकि मुख्य तस्कर श्रीनिवास से दिहोली थाने में पीसी रिमांड के तहत पूछताछ की जा रही थी।

मादक पदार्थों की तस्करी का अंतरराज्यीय शातिर अपराधी श्रीनिवास थाने में तैनात संतरी और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर खिड़की तोड़कर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की भनक लगते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। श्रीनिवास के खिलाफ देश के कई थानों में तस्करी के गंभीर मामले दर्ज हैं। कस्टडी से आरोपी का इस तरह भाग निकलना पुलिस की बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी को दोबारा दबोचने के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी कर सघन तलाश अभियान चला रही हैं।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर