सुल्तानपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार, 26 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित विशेष MP/MLA अदालत में पेश हो सकते हैं। अदालत 2018 के एक मानहानि मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाने जा रही है। यह मामला 2018 में बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री (तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष) अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है।
भाजपा के तात्कालिक जिला उपाध्यक्ष विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि बेंगलुरु में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी द्वारा अमित शाह पर लगाए गए आरोपों से पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई थीं। इस मामले में अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को तलब किया था, जिसके बाद वे अदालत में उपस्थित हुए थे और उन्हें जमानत मिल गई थी।
शिकायतकर्ता के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडे ने बताया कि मामले में सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और विशेष जज शुभम वर्मा सोमवार को अपना फैसला सुनाएंगे। अधिवक्ता के अनुसार, यदि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाते हैं, तो इस मामले में अधिकतम 2 साल तक की सजा का प्रावधान है। अदालत ने राहुल गांधी को फैसले के दिन व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।








