मेरठ के रामराज बाजार में दिनदहाड़े हुई खौफनाक हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। फलावदा के सनौता गांव निवासी प्रदीप धीमान ने अपनी पत्नी पूनम के प्रेमी सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गाबा (28) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 से 1:45 बजे के बीच बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज मुख्य बाजार में सनातन धर्म मंदिर के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, सुनील पिछले डेढ़ साल से प्रदीप की पत्नी पूनम को अपने साथ रखे हुए था। पूनम ने घर छोड़कर दो बच्चों को पीछे छोड़ दिया था और सुरेंद्र के साथ रह रही थी। हाल ही में दोनों कोर्ट मैरिज की तैयारी कर रहे थे, जिससे प्रदीप काफी आहत था। डेढ़ साल पहले पंचायत में भी प्रदीप ने ऐलान किया था कि “मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा”।
वारदात के दौरान सुनील बाइक पर बाजार से गुजर रहा था। प्रदीप ने पीछे से आकर उसे घेर लिया। उसने पहले कमर में गोली मारी, जिससे सुनील की बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा। फिर प्रदीप ने कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली दागी और चिल्लाया, “है कोई माई का लाल जो इसे बचा ले?” कुल चार गोलियां मारी गईं, जिनमें से कुछ कमर और सिर में लगीं। सुनील मौके पर ही मारा गया। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
हत्या के तुरंत बाद प्रदीप ने भागते हुए बाइक पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया और अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘मौत का खौफ 302’ से वायरल कर दिया। वीडियो में उसने हत्या की जिम्मेदारी ली और कहा, “मैंने अपनी पत्नी के आशिक को तीन-चार गोलियां मारकर मार डाला है। जो भी पति को छोड़कर भागेगी, उसका यही इंतजाम करूंगा। मुझे मौत की परवाह नहीं, ढाई मीटर का कफन सिर पर बंधा है। जिसकी बीवी भागे, मुझे बताओ, मैं उसे भी मारूंगा। पुलिस से नहीं डरता। हस्तिनापुर एसओ एके शर्मा और दरोगा अनिल कुमार को भी मारूंगा, क्योंकि उन्होंने मुझे हथियार उठाने पर मजबूर किया।”
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह प्रदीप धीमान को मेरठ-मुजफ्फरनगर बॉर्डर पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ जैसी स्थिति में दबोचा गया। अवैध तमंचे भी बरामद किए गए। प्रदीप के साथी की तलाश जारी है।
यह घटना प्रेम प्रसंग और बदले की भावना से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में और खुलासे होने की उम्मीद है।






